देवघर में सिनेमा हॉल के अंदर कारोबारी के बेटे से रंगदारी की दबंगई, हथियार के साथ चार गिरफ्तार
Deoghar News: देवघर पुलिस ने संगठित आपराधिक गिरोह के चार आदतन अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। इन ...और पढ़ें

गिरफ्तार अपराधियों के बारे में जानकारी देते देवघर एसडीपीओ कुलदीप कुमार और अन्य। (फोटो जागरण)
संवाददाता, देवघर। झारखंड के देवघर जिले की पुलिस ने संगठित आपराधिक गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आदतन अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। ये सभी देवघर शहर के ही रहने वाले हैं।
आरोप है कि इन अपराधियों ने Eylex Cinemas, Deoghar में एक व्यवसायी के बेटे के साथ दबंगई की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए चारों को गिरफ्तार कर लिया।
चारों आरोपी देवघर शहर के
गिरफ्तार किए गए आरोपितों में नगर थाना क्षेत्र के शिवगंगा लेन निवासी विकाश पालिवार उर्फ भाखड़, बीएन झा पथ निवासी सौरभ श्रृंगारी, जलसार रोड निवासी रिषभ राज उर्फ रिषभ केशरी और करनीबाग मोहल्ला निवासी प्रशांत कुमार झा शामिल हैं।
इनके पास से पुलिस ने दो देसी पिस्तौल, आधा दर्जन जिंदा गोली बरामद किया है। वहीं एक स्कार्पियो भी जब्त किया गया है। पुलिस को इस गिरोह के अन्य सदस्य अनुभव नरौने उर्फ सोनू नरौने, छोटू श्रृंगारी, आस्तिक पालिवार, मोनू पंडित की तलाश है।
जमीन पर कब्जा दिलाना और रंगदारी वसूलना काम
देवघर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि ये सभी संगठित तौर पर आपराधिक गिरोह संचालित करते हैं। ये लोग हथियार के बल पर व्यवसायी व कारोबारियों से रंगदारी मांगते हैं। वहीं जमीन पर कब्जा दिलाने का भी काम करते हैं।
इनके खिलाफ लूट, डकैती, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, हत्या, हत्या का प्रयास, छिनतई जैसे करीब चार दर्जन संगीन मामले दर्ज हैं। ये लोग पहले भी जेल जा चुके हैं। जेल से बाहर आने के बाद फिर से अपराध की दुनिया में शामिल हो जाते हैं। ये भी आदतन अपराधी हैं।
शिकायत के बाद एसपी ने बनाई थी एसआइटी
एसडीपीओ ने बताया कि eylex cinemas deoghar में सिनेमा देखने आए एक कारोबारी अमरनाथ केशरी के बेटे के साथ मारपीट कर रंगदारी मांगने की घटना सामने आयी थी। शिकायत मिलने पर एसपी द्वारा एक एसआइटी का गठन किया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हथियार के साथ काले रंग के स्कार्पियो पर सदर अस्पताल के इलाके में घूम रहे हैं। पुलिस ने पीछा कर चार आरोपितों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से हथियार बरामद किया गया।
गिरफ्तार बदमाशों ने सहयोगियों के बताए नाम
पूछताछ करने पर इन लोगों ने अपने अन्य साथियों का नाम बताया। पुलिस अब उनके साथियों की तलाश में जुट गयी है। पूछताछ करने के बाद रविवार को सभी को जेल भेज दिया गया।
छापेमारी दल में देवघर एसडीपीओ कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर, एसआइ मिथलेश कुमार, सूरज कुमार, सुमंत प्रसाद, राजू रजवार, अरविंद कुमार व अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।
