राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के इस्तकबाल के लिए बाबा नगरी तैयार, एडीजी ने लिया तैयारिया का जायजा Deoghar News
राष्ट्रपति बनने के बाद रामनाथ कोविंद पहली बार देवघर आ रहे हैं। इससे पहले बिहार के राज्यपाल के पद पर रहते हुए उन्होंने बाबा बैद्यनाथ के मंदिर में आकर पूजा-अर्चना की थी।
देवघर, जेएनएन। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना करने के लिए 29 सितंबर को देवघर आ रहे हैं। उनके स्वागत के लिए बाबा नगरी देवघर तैयार है। राष्ट्रपति के कार्यक्रम के मद्देनजर सूबे के एडीजी आरके मल्लिक ने शनिवार को देवघर का दाैरा किया। उन्होंने पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर का जायजा लिया। सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।
एडीजी ने सुरक्षा के साथ-साथ अन्य तैयारियों की भी जानकारी प्राप्त की। बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंच कर सुरक्षा के मद्देनजर तमाम तैयारियों की समीक्षा करते हुए कई निर्देश भी दिए। उन्होंने एयरपोर्ट और परिसदन की तैयारियों के अलावा राष्ट्रपति के काफिले से जुड़ी तमाम तैयारियों की जानकारी ली। इस मौके पर उनके साथ जिले की उपायुक्त नैंसी सहाय समेत कई आलाधिकारी मौजूद थे। बता दें कि रविवार को दोपहर 12.30 पर राष्ट्रपति का देवघर आगमन तय है। राष्ट्रपति मंदिर में पूजा करने के उपरांत परिसदन जाएंगे और लंच करेंगे। इसके उपरांत रांची के लिए रवाना हो जाएंगे।