सड़क हादसे में युवक की मौत
जागरण संवाददाता, देवघर : सारवां थाना क्षेत्र स्थित कुशमाहा पंचायत के पहाड़पुर के समीप अज्ञा
जागरण संवाददाता, देवघर : सारवां थाना क्षेत्र स्थित कुशमाहा पंचायत के पहाड़पुर के समीप अज्ञात वाहन के धक्का लगाने से एक युवक की मौत हो गई है। घटना रविवार देर रात की है। मृतक की पहचान बनियाडीह निवासी 29 वर्षीय विजय कुमार यादव के रूप में की गई है। विजय अपनी बाइक से सारवां बाजार गया था। वहां से वह घर वापस लौट रहा था। पहाड़पुर कुरवा जंगल के समीप पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे वाहन ने उसे धक्का मार दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना में बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। ठोकर मारने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलने ही बड़ी संख्या में जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दिया। सूचना मिलते ही एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। यहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भाजयुमो नेता मनीष राज व मुखिया प्रतिनिधि गुड्डू झा सदर अस्पताल पहुंचकर परिजन को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। बाद में प्रखंड विकास पदाधिकारी से मिलकर आश्रितों को सरकारी सहायता के रूप से 20 हजार रुपये दिलाये।
तीन वर्ष पूर्व हुई थी शादी : परिजन के अनुसार तीन साल पूर्व विजय की शादी हुई थी। वह सूरत के किसी निजी कंपनी को काम करता था। कुछ दिन पूर्व वह अपने गांव आया था। यहां रुककर वह अपने परिवार के साथ खेतीबारी में हाथ बंटा रहा था। एक दो दिन में वह वापस सूरत जाने वाला था कि इसी बीच दुर्घटना का शिकार हो गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन को शव को सौंप दिया गया।