जागरण संवाददाता, देवघर/मोहनपुर। रिखिया थाना क्षेत्र के महेशमारा में गुरुवार को बोरे में बंद करीब 25 साल की अज्ञात महिला का शव मिला है। उसके हाथ पर गोदना से अंग्रेजी में सुभाष लिखा है। दरअसल, चार-पांच दिनों से गड्ढे में यह बोरा देखा जा रहा था। गुरुवार को इसमें से तेज बदबू आने लगी।
स्थानीय लोग सोच रहे थे कि इसमें किसी जानवर का शव है। इस बीच कुछ कुत्तों ने बोरा फाड़ दिया, शव को भी वे नोंचने लगे, तब पता लगा कि वह महिला का शव है। तुरंत पुलिस को जानकारी दी गई। एसआइ अविनाश कुमार ने इसकी जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा।
शव को जलाने का भी किया जा चुका प्रयास
आशंका है कि महिला की हत्या की गई है। पुलिस सूत्रों का मानना है कि महिला की हत्या कहीं और की गई, उसके बाद शव को यहां बोरे में भरकर फेंक दिया गया। शव कुछ चार-पांच दिन पुराना होने के कारण सड़ रहा है। इस कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई है। शव की स्थिति देख ऐसा भी प्रतीत हो रहा है कि उसे जलाने का भी प्रयास हुआ है। उसके हाथ में साखापोला चूड़ी भी है।
महिला की पहचान की कोशिश में जुटी पुलिस
पुलिस हाथ पर गुदे सुभाष नाम के सहारे उसकी पहचान के प्रयास में लगी है। उसकी मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी चल सकेगा। आसपास के थानों को भी सूचना की गई है ताकि यदि कहीं कोई महिला लापता है तो पता चल सके। शव को बोरे में बंद कर फेंक दिए जाने से स्थानीय लोग आशंका जता रहे हैं कि उसकी हत्या की गई है। मृत महिला की उम्र 25 के करीब बताई जा रही है।