सारवां में चोरों का तांडव, सीएसपी सहित छह जगहों का तोड़ा ताला
संवाद सूत्र सारवां सारवां थाना क्षेत्र के भंडारों गांव में रविवार की रात चोरों ने जमकर त
संवाद सूत्र, सारवां : सारवां थाना क्षेत्र के भंडारों गांव में रविवार की रात चोरों ने जमकर तांडव मचाया। एक ही रात एक सीएसपी व पांच घरों का चोरों ने ताला तोड़ा। हालांकि उन्हें एक ही घर में सफलता हाथ लगी। घटना के संबंध में बताया गया कि गांव में एसबीआइ का ग्राहक सेवा केन्द्र है। इस केन्द्र का संचालन विनोद राय करते हैं। चोर केन्द्र का पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। अंदर चोरों ने दराज व अन्य चीजों को खोलकर चोरी करने का प्रयास किया हालांकि वे घटना को अंजाम देने में सफल नहीं हो पाए। इसके अलावा चोरो ने अनंत पांडेय के घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे लेकिन उनके हाथ कुछ नहीं लगा। चारों ने गांव के संजय पांडेय, उमाकांत पांडेय, त्रिपुरारी पांडेय आदि के घर में भी प्रवेश किया हालांकि इन सभी जगहों पर उन्हें कुछ भी हाथ नहीं लगा। चोरों ने इसी गांव के निवासी सलीम अंसारी के घर से नकदी, जेवर व अन्य सामान चोरी कर लिया। बताया गया कि चोर उनके घर में पीछे के दरवाजे से अंदर घुसे और कमरे में रखे लोहे का बक्सा उठाकर घर के बाहर ले गए। बाहर बक्सा का ताला तोड़कर चोरों ने दस हजार नकद, करीब दस हजार का जेवर, कपड़ा, कागजात आदि चोरी कर लिया। सुबह उठने पर घर वालों को घटना की जानकारी मिली। बाहर निकलकर देखा तो बक्सा घर से कुछ दूरी पर फेंका हुआ था। उसका ताला टूटा हुआ था और अंदर से सामान गायब था। सीएसपी संचालक विनोद राय व सलीम अंसारी ने घटना की लिखित सूचना थाना में दी। सूचना मिलने पर सारवां थाना प्रभारी कुमार अभिषेक ने सीएसपी पहुंचकर घटना की छानबीन की। अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।