गोड्डा लोकसभा सीट का मोह त्याग दें प्रदीप यादव : फुरकान
संवाद सहयोगी, मधुपुर (देवघर) : जामताड़ा विधायक डॉक्टर इरफान अंसारी ने गुरुवार को जागर
संवाद सहयोगी, मधुपुर (देवघर) : जामताड़ा विधायक डॉक्टर इरफान अंसारी ने गुरुवार को जागरण से बात करते हुए कहा है कि गोड्डा लोकसभा सीट पर कांग्रेस ही चुनाव लड़ेगी। इसमें कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को शिकस्त देने के लिए यूपीए महागठबंधन का होना भी बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि झाविमो महासचिव सह विधायक प्रदीप यादव का वह काफी सम्मान और आदर करते हैं। प्रदीप यादव बड़े नेता हैं। इनकी आवश्यकता राज्य को है। क्योंकि वे सरकार को हमेशा मुखर होकर जवाब देते रहे हैं। यूपीए की सरकार झारखंड में बनने के बाद प्रदीप यादव को उपमुख्यमंत्री बनाने का काम कांग्रेस करेगी। अगर वह राज्य सरकार में रहना नहीं चाहते हैं तो उन्हें राज्यसभा से भेजने के लिए कांग्रेस आलाकमान राहुल गांधी से बात करेंगे। इन्हीं राजनीति मसौदे को लेकर वह शुक्रवार को दिल्ली जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छोटा भाई होने के नाते प्रदीप यादव को व्यक्तिगत सुझाव देते हैं कि गोड्डा लोकसभा अल्पसंख्यक बहुल इलाका है। गोड्डा संसदीय क्षेत्र का मोह त्याग कर सेकुलर पार्टी और प्रत्याशी का समर्थन करेंगे। इसी में महागठबंधन का भला होगा। वर्तमान राजनीतिक हालात को वह अच्छी तरह से समझते हैं। महागठबंधन को मजबूत करने के लिए गोड्डा लोकसभा सीट से मोह त्यागना होगा। इसके बावजूद भी अगर प्रदीप यादव गोड्डा लोकसभा से चुनाव लड़ते हैं तो कांग्रेस झाविमो से समझौता नहीं करेगी।