घने कोहरे ने गाड़ियों की रफ्तार पर लगाई ब्रेक
जिले में शनिवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के चलते सुबह में गाड़ियों की रफ्तार काफी कम थी। दस मीटर दूरी तक भी कुछ साफ नजर नहीं आ रहा था। नौबत ये थी कि दिन में भी लोग गाड़ी की हेडलाइट जलाकर चल रहे थे।
देवघर : जिले में शनिवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के चलते सुबह में गाड़ियों की रफ्तार काफी कम थी। दस मीटर दूरी तक भी कुछ साफ नजर नहीं आ रहा था। नौबत ये थी कि दिन में भी लोग गाड़ी की हेडलाइट जलाकर चल रहे थे। कोहरे के कारण सूर्य भगवान ने देर से दर्शन दिया। इस कारण शनिवार की सुबह ठंड महसूस की गई। ठंड के कारण लोग खासतौर पर ग्रामीण इलाकों में अलाव तापते नजर आए। वहीं सुबह बाबा मंदिर में भी आम दिनों की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या रही। हालांकि धूप निकलने के बाद मंदिर में भीड़ बढ़ी। अधिसंख्य लोग सुबह घर में भी दुबके रहे और धूप निकलने का इंतजार करते नजर आए। कोहरे का असर देवघर के शहरी इलाके के अलावा करौं, पालोजोरी, सारठ, मारगोमुंडा आदि इलाकों में देखा गया। अगर कुछ दिन और ऐसा ही रहा तो आलू व सब्जी की खेती काफी हद तक नष्ट हो जाएगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक जनवरी माह में ठंड से राहत मिलने के काफी कम आसार हैं। रविवार को बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद बादल छंटने पर शीतलहर का प्रकोप बढ़ेगा और दिन व रात के तापमान में काफी कमी दर्ज की जाएगी। वहीं बीच-बीच में कोहरे का भी असर रहने की उम्मीद है। ऐसे में बाबा नगरी के लोग ठंड का मजा और कुछ दिन तक उठा सकेंगे।