स्वच्छता देश के विकास का पैमाना, सहयोग से मिलेगी सफलता
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत रविवार को स्थानीय टॉवर चौक पर लोगों तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को सफाई अभियान चलाया गया।
देवघर : स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत रविवार को स्थानीय टॉवर चौक पर लोगों तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को सफाई अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान सांसद निशिकांत दुबे, उपायुक्त नैंसी सहाय, नगर आयुक्त अशोक कुमार सिंह सहित पार्षदों ने टॉवर चौक के आसपास झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की। जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को सफाई करते देख आम लोग भी अभियान में अपनी सहभगिता निभाते नजर आए। सफाई को लेकर लोगों में भी खासा उत्साह देखा गया।
मौके पर सांसद ने कहा कि स्वच्छता किसी भी देश के लिए विकास का पैमाना होता है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण सिगापुर है। जो 60-62 के दशक में गंदे शहर में शामिल था, लेकिन आज वही देश एशिया का सबसे विकसित देशों में शुमार है। वजह स्वच्छता ही है। वहीं देश के प्रधानमंत्री स्वच्छता अभियान को सालों भर किसी ना किसी रूप में चलाने का उद्देश्य है। देवघर नगर निगम सफाई की दिशा में लगातार बेहतर काम कर रही है। सफाई के लिए अवॉर्ड मिला है। बीते श्रावणी मेला में भी मंदिर और आसपास की सफाई को लेकर निगम को अवार्ड मिला है। वही उपायुक्त नैंसी सहाय ने जिले की जनता से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। कहा कि स्वच्छता ही सेवा के तहत नगर निगम लगातार योजनाबद्ध तरीके से अभियान चला रहा है। जनता के सहयोग से जिला प्रशासन व नगर निगम का प्रयास होगा कि देवघर को स्वच्छता के क्षेत्र में ना केवल राज्य में बल्कि पूरे देश में एक अलग पहचान दिलाना है। इसके लिए सबका साथ चाहिए होगा।
अभियान को सफल बनाने के लिए जनता का सहयोग जरूरी:
नगर आयुक्त अशोक कुमार सिंह ने कहा कि इस अभियान के तहत पूरे निगम क्षेत्र में लगातार इस तरह का कार्यक्रम किया जा रहा है। निगम, जिला प्रशासन के साथ लगातार प्रयास कर रहा है लेकिन जनता के सहयोग के बिना कोई भी अभियान को मुकाम तक नहीं पहुंचाया जा सकता है। जनता के सहयोग से देवघर को राज्य में अव्वल स्थान दिलाने का पूरा प्रयास होगा। मौके पर वार्ड पार्षद शैलजा देवी, रवि राउत, मृत्युंजय राउत व वशिष्ठ नारायण सुमन सहित कार्यपालक अभियंता मोती लाल पिगुवा, नगर मिशन मैनेजर कौशल किशोर, सीएमएम हिमांशु शेखर, नगर प्रबंधक सुधांशु शेखर, सहायक अभियंता समीर सिन्हा, सफाई निरीक्षक अजय पंडित, प्रो. रामनंदन सिंह व अन्य मौजूद थे।