एनआरसी व सीएए को लेकर विपक्ष फैला रहा भ्रम
जिला भाजपा की बैठक गुरुवार को विलासी स्थित शिव वाटिका में जिलाध्यक्ष दिवाकर गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान उन्होंने कहा कि विपक्ष एनआरसी व सीएए को ले लोगों में खासकर अल्पसंख्यक समुदाय में भ्रम फैला रहा है।
देवघर: जिला भाजपा की बैठक गुरुवार को विलासी स्थित शिव वाटिका में जिलाध्यक्ष दिवाकर गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान उन्होंने कहा कि विपक्ष एनआरसी व सीएए को ले लोगों में खासकर अल्पसंख्यक समुदाय में भ्रम फैला रहा है। एनआरसी व सीएए से भारत में रहने वाले मुसलमानों को कोई खतरा नहीं है। विपक्ष केवल अपने राजनीतिक लाभ के लिए इस बिल को ले झूठा प्रचार कर रहा है। भाजपा लोगों के बीच एनआरसी व सीएए को ले जागरूकता अभियान चलायेगा। इसके लिए डोर टू डोर जनसंपर्क अभियान चलाएगा साथ ही हाट बाजार में नुक्कड़-नाटक के माध्यम से लोगों को इसके बारे में सही जानकारी देगा। बताया कि इसी सिलसिले में जिला भाजपा दस से पंद्रह जनवरी के बीच एक प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित करेगा। साथ ही 15 जनवरी से पहले दुमका में प्रमंडलीय रैली का भी आयोजन किया जाएगा। साथ ही पत्रक के साथ विशेष जनसंपर्क अभियान के साथ साथ हस्ताक्षर अभियान चलाकर प्रधानमंत्री को धन्यवाद पत्र भिजवाया जाएगा। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से एनआरसी व सीएए के हकीकत के बारे में जागरूकता अभियान भी चलाने की बात कही गई। मौके पर रीता चौरासिया, संजीव जजवाड़े, संतोष उपाध्याय, प्रदीप झा, दीपक किशोर सिंह, संतोष उपाध्याय, ममता गुप्ता, रूपा केशरी, विजया सिंह, अभ्यानंद झा, पुरन गिरी, गणेश राय सहित पार्टी के सभी मंच मोर्चा के अध्यक्ष आदि उपस्थित थे।