विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Anant Chaturdashi पर बाबा मंदिर में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 14 गांठों वाले अनंत सूत्र को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह

Published: Thu, 24 Sep 2026 05:17 PM (IST)

Anant Chaturdashi 2026: देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में अनंत चतुर्दशी का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाएगा। ...और पढ़ें

अनंत चतुर्दशी पर श्रद्धालु भगवान विष्णु की पूजा कर अनंत सूत्र धारण करेंगे। (प्रतीकात्मक फोटो)

अनंत चतुर्दशी पर श्रद्धालु भगवान विष्णु की पूजा कर अनंत सूत्र धारण करेंगे। (प्रतीकात्मक फोटो)

संवाद सूत्र, देवघर।  Anant Chaturdashi 2026: भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाएगा। अनंत चतुर्दशी को लेकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर देवघर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है।

मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहेगी। इस दिन बड़ी संख्या में भक्त मंदिर परिसर में अनंत कथा का श्रवण करते हैं। वहीं, 14 गांठों वाले अनंत सूत्र को धारण करने को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है।

अनंत चतुर्दशी 25 सितंबर को, पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह से रात तक

अनंत चतुर्दशी का पर्व 25 सितंबर शुक्रवार को श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। पंचांग के अनुसार चतुर्दशी तिथि 24 सितंबर की रात करीब 11:18 बजे शुरू होकर 25 सितंबर की रात 11:06 बजे तक रहेगी।

अनंत चतुर्दशी की पूजा के लिए सुबह 6:28 बजे से रात 11:06 बजे तक का समय शुभ बताया गया है। श्रद्धालु इस दौरान भगवान विष्णु की पूजा कर अनंत सूत्र धारण करेंगे और सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।

मान्यता के अनुसार, अनंत चतुर्दशी के दिन भगवान विष्णु के अनंत स्वरूप और शेषनाग की पूजा की जाती है। श्रद्धालु सुख-समृद्धि, परिवार की शांति और जीवन के संकटों से मुक्ति की कामना के साथ व्रत रखते हैं।

पूजा के बाद अनंत कथा का श्रवण कर अनंत सूत्र धारण करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, अनंत सूत्र में 14 गांठें होती हैं, जिन्हें 14 लोकों और भगवान विष्णु के विभिन्न स्वरूपों का प्रतीक माना जाता है।

अनंत चतुर्दशी पर भगवान विष्णु के अनंत रूप की पूजा का विशेष महत्व माना गया है। मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से पूजा और व्रत करने से पापों से मुक्ति, सुख-समृद्धि और परिवार की रक्षा का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

पूजा के बाद धारण किया जाने वाला अनंत सूत्र भगवान विष्णु के प्रति श्रद्धा और रक्षा-संकल्प का प्रतीक माना जाता है। अनंत सूत्र शुद्ध सूत या रेशम के धागे से तैयार किया जाता है और इसमें 14 गांठें लगाई जाती हैं।

पूजा के दौरान भगवान विष्णु का ध्यान करते हुए अनंत कथा का श्रवण किया जाता है। देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में भी श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना के साथ अनंत चतुर्दशी की धार्मिक परंपरा निभाएंगे।

अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती

अनंत चतुर्दशी पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की तैयारी की है।

मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। भीड़ को नियंत्रित और व्यवस्थित करने के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।