आजसू की केंद्रीय सभा बुढ़ई में आज
जागरण संवाददाता देवघर संताल की धरती पर पहली दफा शुक्रवार को आजसू की केंद्रीय सभा ह
जागरण संवाददाता, देवघर : संताल की धरती पर पहली दफा शुक्रवार को आजसू की केंद्रीय सभा है। यह सभा देवघर-गिरीडीह मार्ग पर ऐतिहासिक, आध्यात्मिक व पर्यटक स्थल के रूप में बुढ़ई पर्वत की तलहटी में हो रही है। एक तो केंद्रीय सभा दूसरा आम सभा भी होगी। जिसे केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो संबोधित करेंगे। यह सभा मधुपुर उप चुनाव के लिहाज से अहम माना जा रहा है। भाजपा समेत सत्ता पक्ष की नजर आजसू के इस कार्यक्रम पर है। देखना यह है कि देवघर के इस ऐतिहासिक व धार्मिक गढ़ से आजसू क्या घोषणा करती है। गुरूवार को इसकी तैयारी का जायजा लेने केंद्रीय सचिव महेश राय, मधुपुर से आजसू की टिकट पर 45 हजार से अधिक वोट ला चुके गंगा नारायण सिंह समेत अन्य लोग पहुंचे थे। देवघर प्रभारी सुबोध प्रसाद ने भी कार्यक्रम के बाबत पूरी जानकारी ली। कार्यक्रम में सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, केंद्रीय उपाध्यक्ष सह विधायक लंबोदर महतो, डॉ. देवशरण भगत, कमल किशोर भगत, उमाकांत रजक, अकील अख्तर, शालिनी गुप्ता, माधव चंद्र महतो, विधान सभा के सभी पूर्व प्रत्याशी एवं सभी जिलाध्यक्ष मुख्य रूप से रहेंगे।
शहीद की वेदी पर माल्यार्पण के बाद विचार मंथन शुरू होगा और 2021 के लक्ष्य का एलान किया जाएगा। बंगाल चुनाव और मधुपुर उप चुनाव राजनीतिक प्रस्ताव का मुख्य अंग होगा। आजसू के केंद्रीय प्रमुख बड़ा एलान कर सकते हैं। बुढ़ई में होने वाले केंद्रीय सभा के बारे में पार्टी सूत्रों की मानें तो पहली बार संताल परगना में पार्टी की केंद्रीय सभा हो रही है। यह कई मायने में अहम है। संगठन के विस्तार से लेकर विरासत को सहेजकर आगे बढ़ाने की रणनीति बनायी जानी है। दुमका और बेरमो में एनडीए ने मिलकर चुनाव लड़ा। मधुपुर में उप चुनाव होना है, इसमें भी एनडीए का ही उम्मीदवार होगा। लेकिन यह बात उठेगी कि 2019 के चुनाव में अपने बलबूते आजसू के उम्मीदवार ने 45 हजार वोट लाए। भाजपा को 64 हजार वोट मिला और झामुमो उम्मीदवार को तकरीबन 82 हजार वोट आए। तो आजसू का यही सोचना है कि मधुपुर उप चुनाव में एनडीए ही हो लेकिन सीट लूज नहीं हो। केंद्रीय सभा के प्रभारी केंद्रीय सचिव महेश राय ने कहा कि बुढ़ई में दो सत्र का कार्यक्रम है। पहले सत्र में साल भर का लेखा जोखा। सांगठनिक मजबूती और उसके विस्तार पर चर्चा होगी। खुला सत्र होगा उसमें पदाधिकारी अपनी बातों को रखेंगे। कार्यक्रम में पार्टी के सभी सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, 24 जिलाध्यक्ष और देवघर जिला के प्रखंड अध्यक्ष भी होंगे।