देवघर में पूर्व सैनिकों मिलेगी कैशलेस उपचार की सुविधा, ECHS और एम्स के बीच हुआ MOU
एम्स देवघर अब पूर्व-सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) से जुड़ गया है, जिससे झारखंड-बिहार के 1.2 लाख पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को कैशलेस उपचार मिलेगा।

AIIMS Deoghar Joins ECHS। jagran
HighLights
एम्स देवघर अब ईसीएचएस योजना से आधिकारिक तौर पर जुड़ा।
झारखंड-बिहार के पूर्व सैनिकों को मिलेगी कैशलेस उपचार सुविधा।
यह सुविधा एम्स के आयुष्मान काउंटर से उपलब्ध होगी।
संवाद सहयोगी, देवीपुर (देवघर)। एम्स देवघर पूर्व-सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) से जुड़ गया है। इससे देवघर एम्स में झारखंड-बिहार के 1.2 लाख पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को अब कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी।
रामगढ़ कैंट के जवानों को भी होगा फायदा। गुरुवार को एम्स देवघर को पूर्व-सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) रांची के क्षेत्रीय केंद्र के साथ पैनलबद्ध किया गया।
स्वास्थ्य सुविधा के लिहाज से महत्वपूर्ण पहल हुई है। एम्स देवघर परिसर में आयोजित समारोह में एम्स देवघर व क्षेत्रीय केंद्र ईसीएचएस रांची के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हूआ।
इस दौरान क्षेत्रीय केंद्र ईसीएचएस रांची के निदेशक व झारखंड-बिहार सब एरिया के जनरल आफिसर कमांडिंग मेजर जनरल जितेंद्र सिंह, वीएसएम, स्टेशन हेडक्वार्टर रामगढ़ कैंट के कर्नल मुकुल वर्मा व एम्स देवघर के कार्यकारी निदेशक व मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डा.) नितिन एम. गंगाने मौजूद रहे।
आयुष्मान काउंटर से मिलेगी यह सुविधा
पूर्व सैनिकों, वीर नारियों व उनके आश्रितों को अत्याधुनिक व विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एम्स देवघर का यह कदम महत्वपूर्ण है। अभी ईसीएचएस के पात्र लाभार्थियों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा एम्स देवघर में आयुष्मान भारत के काउंटर के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
एम्स देवघर के ईसीएचएस से जुड़ने के बाद झारखंड-बिहार के विभिन्न जिलों में रहने वाले लाभार्थियों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाओं के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।
एम्स देवघर का ईसीएचएस नेटवर्क से जुड़ना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके स्वजन को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा यहां उपलब्ध होने से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। एम्स देवघर के साथ यह साझेदारी प्रभावी भूमिका निभाएगी। -मेजर जनरल जितेंद्र सिंह
