ऑटो पलटने से महिला की मौत, आधा दर्जन जख्मी
मधुपुर (देवघर) : शहर के लालगढ़ मोहल्ला के समीप मधुपुर सारठ मुख्य पथ पर बुधवार सुबह ऑ
मधुपुर (देवघर) : शहर के लालगढ़ मोहल्ला के समीप मधुपुर सारठ मुख्य पथ पर बुधवार सुबह ऑटो पलटने से गिरिडीह के लोधरातरी गांव की एक महिला सावली देवी की मौत हो गई। जबकि इस घटना में करीब आधा दर्जन महिलाएं गंभीर रूप से जख्मी हो गई। परिजन अजोदी यादव की शिकायत पर पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ तेजी व लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की सारी जानकारी ली तथा स्थानीय लोगों की मदद से सभी जख्मी महिलाओं को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना अंतर्गत लोधरातरी गांव की 65 वर्षीय सावली देवी का प्राथमिक उपचार कर उसे बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया। महिला को इलाज के लिए बाहर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बीच रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं इस घटना में जख्मी फूलवती देवी, छवि देवी, फूलन देवी, फूलवती देवी, ममता देवी, रुकिया देवी का इलाज अनुमंडल अस्पताल में कराकर उनलोगों को सकुशल घर भेज दिया गया। घटना के संबंध में बताया गया कि सावली देवी समेत अन्य महिलाएं बेंगाबाद के लोधरातरी गांव से ऑटो में सवार होकर पथरोल काली मंदिर पूजा करने जा रही थी। इसी बीच घटना स्थल के समीप ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार सभी महिलाएं गंभीर रूप से जख्मी हो गई। पुलिस ने गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना अंतर्गत लोधरातरी गांव निवासी चालक बलेश्वर यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वही ऑटो जेएच एन 3996 को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मृतका का पोस्टमार्टम कराकर उसके शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।