ऑटो दुर्घटनाग्रस्त, महिला समेत दो घायल
सत्संग चौक के निकट शनिवार के अहले सुबह एक ऑटो के बिजली पोल में टकरा जाने से उस पर सवार अशोक धीवर नामक युवक बुरी तरह से जख्मी हो गया।
देवघर : सत्संग चौक के निकट शनिवार के अहले सुबह एक ऑटो के बिजली पोल में टकरा जाने से उस पर सवार अशोक धीवर नामक युवक बुरी तरह से जख्मी हो गया। अशोक मछलीपट्टी झरिया का रहने वाला है। घायल अशोक धीवर को मौके पर पहुंचे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व जिला संयोजक राजेंद्र कुमार ने आगे आकर मदद की। राजेंद्र ने न सिर्फ घटना की जानकारी देवघर थाना प्रभारी को दी बल्कि एंबुलेंस बुलाकर उसे सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। घटना में अशोक धीवर का पैर बुरी तरह से फ्रैक्चर हो गया है। वहीं ऑटो पर सवार समस्तीपुर की एक महिला का भी सिर फट गया। इधर पुलिस ने ऑटो को जब्त कर लिया है। घटना में मदद करने वालों में स्थानीय युवक गुड्डू व बबलू ने भी अहम भूमिका निभाई।