रिखिया थाना प्रभारी के साथ धक्का-मुक्की, सर्विस रिवाल्वर गायब
देवघर : नीलकंठ विहार कॉलोनी के समीप स्कॉर्पियो व स्कूटी के बीच टक्कर की जानकारी मिलत
देवघर : नीलकंठ विहार कॉलोनी के समीप स्कॉर्पियो व स्कूटी के बीच टक्कर की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार घटना घटित होने के बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे एक खाली जगह में जाकर फंस गई। गाड़ी से थाना प्रभारी व एक अन्य व्यक्ति वहां से निकलने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान भीड़ ने थाना प्रभारी व एक अन्य व्यक्ति के साथ धक्का-मुक्की करना शुरू कर दिया। इसी क्रम में थाना प्रभारी का सर्विस रिवाल्वर व मोबाइल गायब हो गया। थाना प्रभारी किसी तरह भीड़ से बचकर निकले। बाद में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया। वहीं गाड़ी में सवार एक अन्य व्यक्ति को इसी क्रम में चोट लगी। उन्हें भी बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया है। इधर घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना का गश्ती दल सहित अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पहुंचे। गाड़ी को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। काफी खोजबीन के बाद मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया लेकिन सर्विस रिवाल्वर बरामद नहीं किया जा सका। बताया जा रहा है कि चालक ने नशा कर रखा था।
स्कॉर्पियो चालक की लापरवाही से हुई घटना
घटना को लेकर मृतका के रिश्तेदार कोठिया निवासी अशोक तिवारी का फर्द बयान दर्ज किया गया। उनका कहना है कि शुक्रवार को उन्हें फोन पर घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जब घटनास्थल पहुंचे तो वहां पता चला कि उनकी भगीन पतोहू जुली तिवारी दोनों बच्चे ऋृषभ व प्राची के साथ स्कूटी पर सवार होकर नीलकंठ विहार कॉलोनी स्थित घर जा रही थी। इसी क्रम में जेएच 02एजे 8704 नंबर की सफेद रंग की स्कॉर्पियो का चालक तेजी व लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए जोरदार धक्का मार दिया। घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। वह सदर अस्पताल पहुंचे। यहां आने पर उन्हें पता चला कि घायलों को इलाज के लिए कुंडा स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया है। यहां पहुंचने पर पता चला कि भगीन पतोहू की मौत हो गई जबकि दोनों बच्चों को इलाज के लिए कोलकाता भेज दिया गया है। जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं मृतका का पति
रिश्तेदारों से मिली जानकारी के अनुसार मूलत: बिहार प्रांत के चांदन थाना क्षेत्र अंतर्गत माणिकपुर निवासी मृतका जुली तिवारी का पति प्रदीप कुमार तिवारी बीएसएफ में है। जो इस वक्त कश्मीर में तैनात हैं। सूचना मिलते ही वह कश्मीर से देवघर के लिए रवाना हो चुके हैं। इधर पोस्टमार्टम के बाद परिजन को शव सौंप दिया गया है।
स्कॉर्पियो में सवार लोगों का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस स्कॉर्पियो मालिक का पता लगाने का प्रयास कर रही है। हालांकि मोबाइल ऐप से स्कॉर्पियो हजारीबाग निवासी किसी बाल किशुन विश्वकर्मा के नाम से रजिस्ट्रेशन होने कि जानकारी मिली है। रिखिया थाना प्रभारी इस गाड़ी में सवार होकर कहां जा रहे थे। उनके साथ-साथ कौन-कौन लोग सवार थे।
वर्जन
सर्विस रिवाल्वर गायब होने के बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। गाड़ी में थाना प्रभारी सहित दो-तीन अन्य लोग भी सवार थे। उनलोगों के बारे में पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि उनसे संपर्क स्थापित किया जा सके।
विनोद कुमार, नगर थाना प्रभारी, देवघर