शशांक, सुरेश सहित 19 नामजद के खिलाफ मामला दर्ज
देवघर बैजनाथपुर चौक पर ईवीएम के संदेह पर बक्सा से लदा ट्रक रोकने को लेकर रिखिया था
देवघर : बैजनाथपुर चौक पर ईवीएम के संदेह पर बक्सा से लदा ट्रक रोकने को लेकर रिखिया थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। मंगलवार देर रात अंचल कार्यालय सारवां में लिपिक के पद पर कार्यरत देवेंद्र मुर्मू के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। मामले में 19 को नामजद व 100 अज्ञात को आरोपित बनाया गया है। नामजद आरोपितों में पूर्व मंत्री शशांक शेखर भोक्ता, सुरेश पासवान, सुधीर दास, भूतनाथ यादव, विनोद वर्मा, मुन्नम संजय, दिनेशानंद झा, सुरेश साह, रंजीत यादव, मणिकांत यादव, कृष्ण मोहन चौबे उर्फ बेनी, कृणाल राय, कांग्रेस युवाध्यक्ष, दिलीप यादव, नुनू झा, दीपक सिंह राजपूत, राहुल सिंह, राजेश यादव, सुनील यादव शामिल है। दर्ज मामले में लिपिक का कहना है कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के आदेश पर 38 बैलेट यूनिट व 38 कंट्रोल यूनिट रखने के लिए खाली स्टील का बक्सा लेकर गाड़ी से जिला निर्वाचन कार्यालय दुमका जा रहे थे। इसी दौरान बैजनाथपुर चौक पर कुछ लोग पूर्व से घात लगाकर बैठे थे। उनके द्वारा गाड़ी को रोक लिया गया। इसके बाद नामजद आरोपित वहां पहुंचे और गाड़ी रूकवा कर सामानों के बारे में पूछताछ करने लगे। निर्वाचन से संबंधित खाली बक्सा ले जाने की जानकारी देने के बावजूद इनलोगों ने गाड़ी को रोके रखा और उपस्थित लोगों के बीच भ्रम फैलाया जाने लगा। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में लोग वहां जुट गए। इस दौरान सरकार प्रशासन व प्रशासनिक पदाधिकारी के खिलाफ अपमानजनक, असंसदीय व अमर्यादित टिप्पणियां करने लगे। तत्काल इसकी जानकारी उच्च अधिकारी को दिया गया। अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद भी लगातार दो घंटे तक देवघर-दुमका पथ पर आवागमन बाधित किया गया। इस दौरान अधिकारियों के साथ षड़यंत्र के तहत जानबूझ कर धक्का-मुक्की भी की गई। वहीं निर्वाचन जैसे राष्ट्रीय महत्व के काम को पूरा करने में बाधा पहुंचाया गया। व्यवधान की वजह से सही समय पर काम को पूरा नहीं किया जा सका।