चतरा में युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या Chatra News
Jharkhand. परिजनों ने बताया कि जिस समय विनीता ने फांसी लगाई उस वक्त घर पर कोई नहीं था। दोपहर बाद जब मां घर पहुंची तो पुत्री को फांसी के फंदे पर झूलता पाया।
चतरा, जासं। सदर थाना क्षेत्र के डहुरी गांव निवासी राम निवास राॅय की पुत्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पड़ताल में जुटी हुई है। परिजनों ने बताया कि जिस समय विनीता ने फांसी लगाई, उस वक्त घर पर कोई नहीं था। पिता बाहर में काम करते हैं और मां सहिया है। मां आयुष्मान कार्ड बनाने को लेकर गांव में बैठक कर रही थी।
दोपहर बाद जब वह घर पहुंची, तो पुत्री को फांसी के फंदे पर झूलता पाया। उसके बाद उसने इसकी जानकारी ग्रामीणों व पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती का शव फंदे से नीचे उतरवाया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला प्रतीत हो रहा है।