Lok Sabha Election 2019: संवेदनशील मतदान केंद्रों पर होंगे सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
Lok Sabha Election 2019. निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांग्ते ने चुनाव तैयारियों का जायजा लिया और इस पर संतोष जताया। कहा कि तैयारियां बिल्कुल सही दिशा में है।
चतरा, जागरण संवाददाता। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांग्ते ने जिला प्रशासन की चुनाव तैयारियों पर संतोष जताया है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक तैयारियां बिल्कुल सही दिशा में चल रही हैं। मतदाता निर्भीक होकर मतदान करें। प्रशासन ने इसके लिए हर संभव व्यवस्था की है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
इन केंद्रों पर पारा मिलिट्री फोर्स को तैनात किया जाएगा। सीईओ खियांग्ते चुनाव तैयारियों की समीक्षा करने के लिए चतरा आए थे। उनके साथ अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय चौबे व मनीष रंजन के अलावा पुलिस महानिरीक्षक अभियान अशीष बत्रा, सीआरपीएफ के पुलिस महानिरीक्षक संजय लाटकर, पुलिस उपमहानिरीक्षक पंकज कंबोज भी थे।
बैठक में डीसी एवं एसपी अखिलेश बी वारियार के अलावा अन्य सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। मुख्य चुनाव अधिकारी हेलीकॉप्टर से यहां आए और डीसी ऑफिस में अधिकारियों के साथ बैठक की। इस क्रम में उन्होंने चुनाव को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त जितेंद्र कुमार सिंह से ली।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को वीडियो स्लाइड के जरिये पूरी स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 914 मतदान केंद्र हैं। इसमें 20 मतदान केंद्र हजारीबाग संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत है। यहां मतदान छह मई को होना है। मतदान की सारी प्रक्रिया रामगढ़ जिला से पूरी की जाएगी। यहां से सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिले के 90 प्रतिशत से अधिक मतदान केंद्र संवेदनशील और अतिसंवेदनशील श्रेणी में हैं। इन केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं बहाल की जा रही है। पानी, बिजली और छांव की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। डीसी ने कहा कि मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप के तहत लगातार जन जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छ और निष्पक्ष रूप से मतदान कराएं। उपायुक्त ने बताया कि सीईओ ने तैयारियों पर संतोष जताया है। इसके बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों के साथ अलग से बैठक की। इसमें बोकारो प्रक्षेत्र के आइजी, सीआरपीएफ के आइजी, डीआइजी, एसपी, सिमरिया एएसपी, एसडीपीओ व डीएसपी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने एसपी के साथ सुरक्षा को लेकर व्यापक रूप से चर्चा की। पुलिस अधीक्षक ने अपनी तैयारियों का पूरा खाका उनके समक्ष रखा। सीईओ ने इस पर संतोष प्रकट करते हुए निर्देश दिया है कि सभी संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित करें। आइजी ने निर्देश दिया है कि उग्रवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में और तेजी लाएं। साथ ही बिहार से सटे क्षेत्रों में साझा अभियान चलाने का निर्देश दिया है।