झारखंड के चतरा में वज्रपात, चार महिलाओं समेत सात जख्मी
Thunderclap in Jharkhand. झारखंड के चतरा में वज्रपात से चार महिलाओं समेत सात लोग जख्मी हो गए।
चतरा, जेएनएन। सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार को वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में सात लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार सदर अस्पताल में किया जा रहा है। घायलों में अधिकतर महिलाएं हैं।
पहली घटना सरैया जंगल में घटी। जिसमें मुनिया देवी, शोभा देवी व टुकनी देवी घायल हो गईं। दूसरी घटना सिरमा जंगल में घटी। यहां पर एक ही परिवार के चार सदस्य घायल हुए हैं। इनमें पति पत्नी समेत दो पुत्र शामिल हैं। इनके नाम नरेश भुइयां, उनकी पत्नी करुणा देवी, मनीत कुमार व सुमन कुमार शामिल है। इन सभी का उपचार सदर अस्पताल में हो रहा है। सिविल सर्जन डाॅ. एसपी सिंह ने बताया कि सभी खतरे से बाहर हैं। वज्रपात की घटना सुबह की है।
जानकारी के अनुसार, महुआ चुनने के लिए गांव के ग्रामीण जा रहे थे। अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और आसमान में घने बादल छा गए। उसके बाद बिजली की चमक और तेज हवा चलने लगी। कुछ देर के बाद गर्जन के साथ बारिश होने लगी। ग्रामीण अपने अपने-अपने क्षेत्रों में महुआ चुन रहे थे तभी वज्रपात हो गया और ये लोग जख्मी हो गए।