पीड़ित राम भरोसा सिंह ने मयूरहंड थाना में दिए आवेदन में बताया कि रविवार रात वे लघुशंका के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान उन्होंने घर के पास से गुजरते कुछ नकाबपोश और हथियारबंद लोगों को देखा।
संदिग्धों को देखकर वे सतर्क हो गए और अपने कमरे की ओर लौटने लगे, लेकिन उपद्रवियों ने उनका पीछा किया। जैसे ही वे कमरे में पहुंचे, सभी हमलावर अंदर घुस आए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर पहुंचे बेटे, तब भाग निकले हमलावर
राम भरोसा सिंह ने बताया कि हमलावरों ने लाठी-डंडे और अन्य हथियारों से उन पर हमला किया। उनके शोर मचाने पर पास के कमरे में सो रहे उनके बेटे की आवाज सुनाई दी।
बेटे के जागने और कमरे की ओर आने की भनक लगते ही उपद्रवी मौके से फरार हो गए। जब बेटा कमरे में पहुंचा तो देखा कि राम भरोसा सिंह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे।
चेहरे पर आई हैं गंभीर चोटें, मोबाइल भी ले गए
हमले में राम भरोसा सिंह की बाईं आंख, बाएं गाल और बाएं माथे पर गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों के अनुसार, उपद्रवियों ने मारपीट के दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया। घायल अवस्था में उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
घटना के बाद से पीड़ित की हालत को लेकर परिजन चिंतित हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे मयूरहंड क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह से ही पीड़ित से मिलने वालों का तांता लगा रहा।
ग्रामीणों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि बुजुर्ग और सम्मानित व्यक्ति के साथ इस तरह की घटना से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।
बढ़ाई गई गश्त, पुलिस जांच में जुटी
इधर, मयूरहंड थाना प्रभारी आशीष प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
क्षेत्र में गश्ती बढ़ा दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी उपद्रवियों की पहचान कर उन्हें कानून के शिकंजे में लिया जाएगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।