पंजाब पुलिस पहुंची कान्हाचट्टी, अफीम तस्कर गिरफ्तार
पंजाब पुलिस गुरुवार को अफीम तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार करने कान्हाचट्टी पहुंची। यहां राजपुर पुलिस थाना प्रभारी घनश्याम प्रसाद साह के नेतृत्व में एक टीम गठित कर चारू गांव निवासी अफीम तस्कर मोहन यादव के घर से धर दबोचा। उसके बाद उसे राजपुर थाना लाया गया।
कान्हाचट्टी (चतरा) : पंजाब पुलिस गुरुवार को अफीम तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार करने कान्हाचट्टी पहुंची। यहां राजपुर पुलिस थाना प्रभारी घनश्याम प्रसाद साह के नेतृत्व में एक टीम गठित कर चारू गांव निवासी अफीम तस्कर मोहन यादव को उसके घर से पकड़ राजपुर थाना लाया गया। जहां न्यायालय में पेश करने के बाद उसे पंजाब पुलिस अपने साथ ले गई। राजपुर थाना प्रभारी घनश्याम प्रसाद साह ने बताया कि अफीम की तस्करी करने वाले दो युवक सुमन व सौरव को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया था। नेटवर्क का खुलासा होने के बाद उन युवकों की निशानदेही पर पंजाब पुलिस चारु गांव निवासी मोहन यादव के घर पहुंची। मालूम हो कि उग्रवाद प्रभावित कन्हाचट्टी क्षेत्र में अफीम तस्करी का धंधा सिर चढ़कर बोल रहा है। जल्दी पैसा कमाने के चक्कर में क्षेत्र के युवक इसकी तस्करी में फंसते जा रहे हैं। इस चक्कर में कोई पंजाब, तो कोई गुजरात, कोई उत्तर प्रदेश तो कोई हरियाणा में पकड़े जा रहे हैं।