चतरा में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई कार, एक युवक की मौत; दो की हालत गंभीर
चतरा के किशुनपुर में सड़क किनारे खड़े ट्रक से बोलेनो कार टकराने से एक युवक की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई कार
HighLights
चतरा के किशुनपुर में सड़क हादसे में एक युवक की मौत।
बोलेनो कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई, दो घायल।
घायलों को हजारीबाग रेफर किया गया, पुलिस जांच जारी।
संवाद सूत्र, चतरा। शहर के किशुनपुर मोहल्ले में गुरुवार की सुबह को दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा किशुनपुर में लखन मिस्त्री के घर के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रक में बोलेनो कार के जोरदार टकराने से हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेनो सवार किशुनपुर निवासी सरयू राणा के 28 वर्षीय पुत्र बसंत राणा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बसंत राणा बोलेनो कार से बधार की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक से कार अनियंत्रित होकर जा टकराई।
इलाज के लिए हजारीबाग रेफर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। हादसे में उपेंद्र राणा और रामदेव राणा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया। दोनों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
मोहल्ले और आसपास के ग्रामीणों में शोक का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सड़क किनारे खड़े ट्रक की पहचान करने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मोहल्ले और आसपास के ग्रामीणों में भी शोक का माहौल है।
ग्रामीणों ने सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सरकार के प्रावधान के तहत मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई है।
यह भी पढ़ें- एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंची तो गर्भवती महिला को 2 किमी बाइक से ले गए परिजन, चतरा में खुली व्यवस्था की पोल
यह भी पढ़ें- मंगल मुद्दा: नदी पर पुल नहीं, खतरे में नौनिहालों की जिंदगानी; शिक्षा और सड़क के लिए संघर्ष करते ग्रामीण
