धर्म परिवर्तन नहीं करने पर बहन ने दुष्कर्म में फंसाने की दी धमकी
संवाद सहयोगी गिद्धौर (चतरा) प्रखंड मुख्यालय के सुरेंद्र दांगी ने रिश्ते की एक बहन अपनी बेटी व
संवाद सहयोगी, गिद्धौर (चतरा) प्रखंड मुख्यालय के सुरेंद्र दांगी ने रिश्ते की एक बहन, अपनी बेटी व मां पर ईसाई धर्म अपनाने को लेकर दबाव बनाने, मारपीट, गाली-गलौज करने व संपत्ति से बेदखल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। यहां तक कि रिश्ते की बहन ने बात नहीं मानने पर दुष्कर्म में फंसाने की भी धमकी दी। सुरेंद्र दांगी ने उपरोक्त सभी पर गिद्धौर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दे न्याय की गुहार लगाई है। लेकिन थाना प्रभारी सुशील कुमार ने जांच के नाम पर खबर लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की थी। दिए आवेदन में सुरेंद्र ने कहा है कि गिद्धौर थाना क्षेत्र के सिदुआरी गांव के रामनाथ दांगी की पत्नी उर्मिला देवी, पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के नावाडीह डामोल के बालेश्वर दांगी की पत्नी शांति देवी व महेंद्र दांगी की पत्नी यशोदा देवी सभी रिश्ते में उसकी बहनें लगती हैं। उक्त सभी के साथ मेरी पुत्री रिकू देवी 13 सितंबर को मेरे घर आई और मुझे व मेरे बेटे को ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाने लगीं। बात नहीं मानने पर मेरे साथ अभद्र व्यवहार के साथ साथ गाली-गलौज व मारपीट भी किया। बात नहीं मानने पर जमीन व चल अचल संपत्ति से बेदखल करने की धमकी भी दिया। यहां तक की मेरी मां चंद्रा देवी भी इन लोगों के साथ हो ली। रिश्ते की बहन यशोदा देवी ने बात नहीं मानने पर दुष्कर्म के केस में फंसाने की भी धमकी दी है। मुझे डर है कि ये लोग जबरन मेरा धर्म परिवर्तन करवा देंगे या जान से मार देंगे और मेरा चल अचल संपत्ति दूसरे के नाम कर देंगे। मुखिया राजेश कुमार दांगी ने कहा कि धर्म परिवर्तन करने का दबाव देना गलत है। प्राथमिकी दर्ज करते हुए दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए। खबर लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी।
कोट
मामला मेरे संज्ञान में आया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सुशील कुमार, गिद्धौर थाना प्रभारी, चतरा