Lok Sabha Election 2019: झारखंड की सभी सीटों पर महागठबंधन की जीत तय : बाबूलाल
Lok Sabha Election 2019. लातेहार में मंगलवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने चतरा लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी मनोज यादव के पक्ष में सभा की।
लातेहार, जागरण संवाददाता। सदर प्रखंड के आरागुंडी पंचायत के कुंदरी हाई स्कूल मैदान में मंगलवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने चतरा लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी मनोज यादव के पक्ष में सभा की। मरांडी ने कहा कि केंद्र व राज्य की डबल इंजन की सरकार फेल है।
रघुवर व मोदी की सरकार ने आम जनता को परेशान कर दिया है। गरीबों के नाम से बंदोबस्त नहीं होगा, किसानों के नाम से बंदोबस्त नहीं होगा, खेती बारी के लिए बंदोबस्त नहीं होगा, गरीबों की जमीन सरकार लूट कर अडानी व अंबानी को देगी। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में जवाब देना है, इसलिए मैं यहां आया हूं।
उन्होंने यूपीए गठबंधन की ओर से चतरा के कांग्रेस प्रत्याशी मनोज यादव के पक्ष में भारी मतों से वोट देकर विजयी बनाने की अपील की है। पत्रकारों से बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में भाजपा का झारखंड से खाता तक नहीं खुलेगा। झारखंड की सभी सीटों से महागठबंधन की जीत सुनिश्चित है।
कार्यक्रम का मंच संचालन शमसुल होद्दा ने किया। इस मौके पर प्रदीप बालमुचू, धीरज साहू, आलमगीर आलम, पवन कुमार, पंकज सिंह, सचिदानंद पांडेय, बिहारी यादव, सुरेंद्र पासवान, सुरेंद्र यादव, विजय दुबे, श्रीराम शर्मा समेत कई लोग उपस्थित थे।