झारखंड में नाबालिग लड़की की पीट-पीटकर हत्या, पहचान छिपाने के लिए चेहरा कुचला
चतरा के कुंदा थाना क्षेत्र के बेसरा गांव में एक 16-17 वर्षीय युवती की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। ...और पढ़ें

नाबालिग लड़की की पीट-पीटकर हत्या
HighLights
चतरा के बेसरा गांव में युवती की पीट-पीटकर हत्या।
पहचान छिपाने के लिए युवती का चेहरा कुचला गया।
पुलिस मौके पर पहुंची, मामले की जांच में जुटी।
संवाद सूत्र, कुंदा (चतरा)। कुंदा थाना क्षेत्र के बेसरा गांव में मंगलवार को एक युवती की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवती की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई जा रही है। उसका शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। युवती की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों से घटना की सूचना मिलने के बाद कुंदा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ शव की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है।
युवती के शरीर पर मारपीट के निशान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती के शरीर पर मारपीट के निशान मिले हैं। उसका चेहरा भी कुचला हुआ बताया जा रहा है। इससे प्रथम दृष्टया हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
युवती बेसरा गांव तक कैसे पहुंची और घटना को किस स्थान पर अंजाम दिया गया, इसकी भी छानबीन की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा युवती की पहचान के लिए आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
थाना पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। हत्या में कौन-कौन लोग शामिल हैं और वारदात के पीछे क्या कारण है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
