अवैध आरा मीलों पर कार्रवाई, दो ध्वस्त, लाखों की लकड़ी जब्त
संवाद सूत्र प्रतापपुर (चतरा) प्रतापपुर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित आरा मीलों पर वन विभा
संवाद सूत्र, प्रतापपुर (चतरा) : प्रतापपुर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित आरा मीलों पर वन विभाग एवं जिला पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है। दो अवैध आरा मीलों का पर्दाफाश करते हुए भारी मात्रा में लकड़ी का बोटा बरामद किया है। आरा मीलों को ध्वस्त करते हुए जब्त लकड़ियों को प्रतापपुर वन प्रक्षेत्र कार्यालय ले आया गया है। यह कार्रवाई वन अधिकारियों और जिला पुलिस की साझा टीम ने अंजाम दिया है। उत्तरी वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास मीणा को अवैध आरा मीलों गुप्त सूचना मिली थी इसके बाद वन अधिकारियों व जिला पुलिस बल ने साझा अभियान चलाया। प्रतापपुर वन क्षेत्र के गडगोरिया एवं चरका कला में अवैध रूप से संचालित आरा मील का पर्दाफाश करते हुए दोनों स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। छापेमारी की कार्रवाई शुरू होने से पहले ही वहां पर काम कर रहे मुंशी, मजदूर व अन्य लोग भाग निकले। छापेमारी दल के सदस्यों ने आरा मशीन के सभी कल पूर्जे, जेनरेटर तथा चीरा हुआ पटरा, लकड़ी का बोटा एवं अन्य सामानों को जब्त कर लिया। इसके बाद दोनों मीलों को ध्वस्त कर दिया। दोनों मीलों से विभिन्न प्रजातियों के लगभग 115 से 120 लकड़ी का बोटा तथा 150 विभिन्न साइज का चिरा हुआ पटरा जब्त किया गया। अभियान का नेतृत्व प्रतापपुर के वन क्षेत्र पदाधिकारी राजबल्लभ पासवान, हंटरगंज का वन क्षेत्र पदाधिकारी सूर्यभूषण कुमार, कुंदा थाना का अवर निरीक्षक भोला प्रमाणिक सहित अन्य अधिकारी व कर्मी शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि लकड़ी तस्कर जंगलों से बेशकीमती लकड़ियों को काटकर अवैध रूप से संचालित आरा मीलों में चिराते हैं और फिर उसे बिहार ले जाकर बेचते हैं।