अफीम और डोडा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर सहित चार गिरफ्तार
smuggler arrested. झारखंड के चतरा में अफीम और डोडा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर सहित चार गिरफ्तार किए गए हैं।
संवाद सूत्र, प्रतापपुर (चतरा)। थाना क्षेत्र के सिजुआ तेतरिया मोड़ से पुलिस ने चार अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों में से दो अंतरराज्यीय तस्कर शामिल हैं। उनकी गिरफ्तारी बुधवार की रात 9.30 बजे हुई। पूछताछ के बाद गुरुवार को सभी चारों को जेल भेज दिया गया, जबकि एक तस्कर भागने में सफल रहा।
गिरफ्तार तस्करों में पश्चिमी बंगाल के मालदा जिला के कलिया थाना क्षेत्र के गंगारामपुर गांव निवासी इंद्रजीत मंडल पिता हरिश मंडल तथा सुशांत मंडल पिता पतानु मंडल तथा प्रतापपुर थाना के नावाडीह सिंगारो गांव निवासी रंजीत कुमार यादव पिता कलेश्वर यादव एवं देवेंद्र कुमार यादव पिता अशोक यादव शामिल है। जबकि सुचित यादव पिता मोहन यादव फरार होने में सफल रहा। थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि तीन तस्कर अफीम लेकर बाइक से जोरी की तरफ जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने त्वरित कारवाई करते हुए छापेमारी दल गठित कर सिजुआ नावाडीह मोड़ पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान तीन तस्कर बाइक पर सवार होकर जोरी के तरफ जा रहे थे।
पुलिस द्वारा चेकिंग करने पर बाइक पर सवार इंद्रजीत मंडल के बैग से 500 ग्राम गीला अफीम बरामद किया गया। मौके पर हिरासत में लिए गए रंजीत यादव की निशानदेही पर सुचित कुमार यादव एवं देवेंद्र कुमार यादव के घर से दो बोड़ा में सूखा डोडा एवं अफीम का अंश लगा दो डिब्बा बरामद किया गया। हिरासत में लिया गया रंजीत कुमार ही बंगाल से तस्करों को बुलाया था। मौके से पुलिस ने तस्करी के लिए प्रयोग लाई गई बाइक को भी जब्त कर लिया। इस अभियान में थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा, एसआई श्यामराज साहू तथा सीडी राम सहित जिला बल के जवान शामिल थे।