Lok Sabha Polls 2019: चतरा लोकसभा क्षेत्र से स्थानीय प्रत्याशी की मांग तेज
Lok Sabha Polls 2019. चतरा में भाजपा के प्रत्याशी का नाम घोषित नहीं होने से कार्यकर्ताओं में खलबली मच गई है। इस बार लोग चतरा लोकसभा सीट से स्थानीय प्रत्याशी की मांग कर रहे हैं।
लातेहार, जासं। 2019 लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने झारखंड में अपने कोटे के 13 सीटों में से 10 के लिए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। चतरा, रांची व कोडरमा में भाजपा के प्रत्याशी का नाम घोषित नहीं होने से कार्यकर्ताओं में खलबली मच गई है। इस बार लोग चतरा लोकसभा सीट से स्थानीय प्रत्याशी की मांग कर रहे हैं।
इसके चलते भाजपा आलाकमान ने इस बार काफी सोच समझ उम्मीदवार उतारने का मन बनाया है। उम्मीदवारों के दावे-प्रतिदावे टटोले जा रहे हैं इसके बाद ही उम्मीदवार का नाम घोषित होगा। इस बार लोकसभा चुनाव में कई प्रत्याशी अपने भाग्य आजमाने के लिए दावेदारी कर रहे हैं।
वहीं स्थानीय प्रत्याशी की मांग को लेकर युवा हस्ताक्षर अभियान चला रहे हैं। चतरा लोकसभा क्षेत्र में जिले का लातेहार व मनिका विधानसभा शामिल है। जिले के कई भाजपा नेता टिकट के लिए दिल्ली में चक्कर लगा रहे हैं। इनमें लातेहार जिला परिषद उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू, भाजयुमो प्रदेश मंत्री किसलय तिवारी व प्रदीप वर्मा का नाम प्रमुख बताया जा रहा है।