पुरुषों को मिला विधवा आवास निरस्त, डीडीसी ने बीडीओ से किया जवाब तलब
residence case. झारखंड के चतरा में पुरुषों को मिले विधवा आवास योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति को निरस्त कर दिया गया।
जागरण संवाददाता, चतरा। पुरुषों को मिले विधवा आवास योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति को निरस्त कर दिया गया। दैनिक जागरण ने पांच फरवरी के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद उप विकास आयुक्त मुरली मनोहर प्रसाद ने यह आदेश जारी किया व संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी विजेंद्र कुमार को शो-कॉज किया है। डीडीसी के आदेश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने घुटर अग्रवाल नामक लाभुक को नोटिस जारी कर अग्रिम राशि वापस करने का निर्देश दिया है।
मालूम हो कि जिले के प्रतापपुर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर आवास योजना में पुरुषों को भी मकान आवंटित कर दिया था। जबकि योजना विधवा महिलाओं के लिए था। ऐसे कुल छह मामले प्रकाश में आए थे। जिसमें घुटर अग्रवाल नामक एक लाभुक को 26 हजार रुपये का अग्रिम भी दे दिया गया था। जब इसकी जानकारी दैनिक जागरण को मिली, तो इस मामले को प्रमुखता से उठाया गया।
अखबार में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासनिक अधिकारी गंभीर हुए और इस प्रकार की सारी योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति को तुरंत निरस्त कर दिया। उप विकास आयुक्त ने बताया कि सभी छह योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति को निरस्त कर दिया गया और जिस लाभुक को अग्रिम दिया गया था, उससे वापस लेने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी को शो-कॉज किया गया है। स्पष्टीकरण आने के बाद बीडीओ व अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।