चतरा में CRPF जवान के घर चोरी, 20 लाख के जेवरात समेत डेढ़ लाख नकद उड़ा ले गए चोर
चतरा के नगवां मोहल्ला में सीआरपीएफ जवान सुनील कुमार सिंह के बंद घर से चोरों ने 20 लाख के आभूषण, ...और पढ़ें

सीआरपीएफ जवान के बंद घर में चोरी। जागरण
HighLights
सीआरपीएफ जवान के बंद घर में चोरी।
20 लाख के आभूषण, डेढ़ लाख नकद गायब।
संवाद सहयोगी, चतरा। चतरा के सदर थाना क्षेत्र में चोरों ने नगवां मोहल्ला में एक बंद घर को निशाना बनाकर करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, डेढ़ लाख रुपये नकद समेत जमीन का कागजात चोरी कर ली। घटना 28 अगस्त की रात की बताई जा रही है।
सीआरपीएफ के जवान सुनील कुमार सिंह ने सदर थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से मामले की जांच कर चोरों को गिरफ्तार करने तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। आवेदन में सीआरपीएफ के जवान ने बताया है कि 28 अगस्त की दोपहर करीब 3:30 बजे वह पूरे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर हंटरगंज गए थे।
घर में एक किरायेदार भी रहता था, लेकिन वह भी किसी काम से बाहर चला गया था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी समेत अन्य जगहों को खंगालकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए।
29 अगस्त की सुबह करीब छह बजे पड़ोसी ने फोन कर घर का ताला टूटे होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही करीब आठ बजे घर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा खुला और सामान बिखरा मिला। अलमारी की जांच करने पर सोने-चांदी के सभी आभूषण डेढ़ लाख रुपये नकद एवं जमीन का कागजात गायब मिले।
आवेदन में हार, मंगलसूत्र, झुमका, अंगूठी, चेन समेत करीब 23 प्रकार के आभूषणों का उल्लेख किया गया है। सीआरपीएफ के जवान ने चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई है। उन्होंने घटना में किसी परिचित के शामिल होने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
