Lok Sabha Polls 2019: चतरा में बोले रघुवर- 67 वर्षों से देश को लूटने वाले को सबक सिखाने की जरूरत
Lok Sabha Polls 2019. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंगलवार को यहां मुख्य बाजारटांड़ स्थित चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश में कमल की लहर है।
टंडवा (चतरा), जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंगलवार को यहां मुख्य बाजारटांड़ स्थित चुनावी सभा को संबोधित किया। इस मौके उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश में कमल की लहर है। कमल आएगा तो खुशहाली आएगी। युवाओं को रोजगार मिलेगा, हर घर में बिजली पहुंचेगी।
घर-घर शौचालय व महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिलेगा। उन्होंने उपस्थित आम जनता से आगामी 29 अप्रैल को मतदान में कमल का बटन दबाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि झारखंड पहला राज्य है जहां एक रुपये में महिलाओं के नाम पर रजिस्ट्री की जा रही है।
ग्रामीण महिला सखी को सशक्त बनाया जा रहा है। सीएम ने कहा कि झारखंड की स्थापना के बाद से यहां चोर व लुटेरों की सरकार रही है। इसके कारण ही यहां विकास कार्य नहीं हुए। वर्तमान सरकार के द्वारा 117 पॉवर ग्रिड व 257 पावर सब स्टेशन का निर्माण किया जा रहा। इससे बिजली की समस्या दूर हो जाएगी।
उन्होंने विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए कहा कि चुनाव मैदान में 67 वर्षों से देश को लूटने वाले भी हैं। उन्हें सबक सिखाने की जरूरत है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री के रोडशो के दौरान एनटीपीसी परियोजना से विस्थापित महिलाओं ने विरोध जताया। लोगों ने सभा में भी विरोध के नारे लगाए।
जनता बनाएगी एक बार फिर मोदी सरकार : रघुवर
इधर, लातेहार में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि देश में 65 वर्ष तक कांग्रेस की सरकार ने देश को लूटने का कार्य किया है। जबसे मोदी सरकार आई है देश ने विकास की रफ्तार पकड़ ली है। वे मंगलवार को बालूमाथ में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश ने गरीब के बेटे नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया था इस विश्वास के साथ कि देश में विकास की गंगा बहेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता की उम्मीदों को पूरा करते हुए देश का मान पूरे विश्व में बढ़ाया। आज दुनिया का हर देश भारत के साथ सम्मान के साथ बात करता है, दूसरे देशों के लोग भारत के दोस्ताना रिश्ते को मजबूत करने की दिशा में कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में कोलगेट घोटाला, जीटू, काॅमनवेल्थ, यूरिया घोटाला समेत घोटालो के सारे रिकार्ड टूट गए।
लातेहार जिले में कुछ सीओ कर रहे हैं मनमानी
लातेहार जिले में जमीन की समस्या पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में जमीन की गड़बड़ियों को सुधारा जाएगा। मुझे शिकायत मिली है कि कुछ सीओ मनमानी कर रहे हैं। मनमानी करने वाले सीओ को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार कर जनता के कार्य को संजीदगी से करना चाहिए।
आचार संहिता समाप्त होने के बाद उन्होंने इस मामले को खुद देखने की बात कही। उन्होंने किसी प्रत्याशी का बिना नाम लिए हुए कहा की कुछ छुटभैये नेता बन गए हैं। जो जाति के नाम पर लोगों को बरगला रहे है। कोयला में हेराफेरी कर पैसा कमा लिए हैं मुखिया का चुनाव जीतने की काबिलियत नहीं है और लोकसभा में उतर कर चुनाव में लोगों को बरगलाने का कार्य कर रहे है।
चुनाव बाद ऐसे लोगों को सरकार देखेगी। महागठबंधन के नेताओं की यही सोच है कि मोदी हटाओ नहीं तो सारे घोटालेबाज होटवार जेल में या दिल्ली की तिहाड़ जेल में नजर आएंगे। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि आप लोग नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा को भारी मतों से जिताएं।