संवेदनशील स्थलों पर आज से प्रतिनियुक्त होंगे दंडाधिकारी
जागरण संवाददाता चतरा जिला प्रशासन ने दुर्गा पूजा को लेकर सतर्कता का आदेश दिया है।
जागरण संवाददाता, चतरा : जिला प्रशासन ने दुर्गा पूजा को लेकर सतर्कता का आदेश दिया है। साथ ही साथ कोरोना को लेकर जारी दिशा निर्देशों का पालन पर जोर दिया है। इधर जिले के सभी संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों के साथ सुरक्षा बल के जवानों को प्रतिनियुक्ति किया गया है। साथ ही सभी पूजा पंडालों एवं मूर्ति विसर्जन जुलूस को स्कार्ट करने और गश्ती के लिए अलग से व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है। दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति 12 अक्टूबर से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक रहेगी। प्रतिमा विसर्जन जुलूस को नियंत्रित करने के लिए केसरी चौक पर अस्थाई नियंत्रण कक्ष का निर्माण किया जाएगा। जुलूस में असामाजिक तत्वों से पुलिस सख्ती से निबटेगी। दुर्गा पूजा को लेकर उपायुक्त अंजली यादव और पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त आदेश जारी किया है। आदेश में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि पूजा के दौरान कोरोना गाइड लाइन का पालन करना है। यदि गाइडलाइन का पालन नहीं किया गया, तो संबंधित पूजा समिति के विरुद्ध कार्रवाई हो सकती है। वहीं शांति व्यवस्था को भंग करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी परिस्थिति में नहीं छोड़ा जाएगा। उनकी गतिविधियों पर विशेष रूप से नजर रखी जाएगी। संयुक्त आदेश में शराब की दुकानों को सख्ती से बंद कराने का निर्देश दिया गया है। यह बंदी सिर्फ और सिर्फ विजया दशमी को होगी। जिला प्रशासन ने करीब डेढ़ सौ स्थानों को संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया है। चिह्नित किए गए इन सभी स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है। मस्जिद और मंदिर के समीप से मूर्ति विसर्जन जुलूस गुजरने की स्थिति में पूरी सुरक्षा का निर्देश दिया गया है। ताकि उपद्रवी तत्व किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न नहीं कर सके। आदेश में यह भी कहा गया है कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। केसरी चौक पर बनाया गया अस्थायी नियंत्रण कक्ष मूर्ति विसर्जन अर्थात विजया दसवीं की संध्या काम करेगा।