वर्षा जल को संरक्षित करने की मुहिम में जुटे हैं राजेश
संवाद सहयोगी गिद्धौर (चतरा) गिद्धौर के मुखिया राजेश दांगी बारिश का पानी संरक्षित करने के
संवाद सहयोगी, गिद्धौर (चतरा) : गिद्धौर के मुखिया राजेश दांगी बारिश का पानी संरक्षित करने के लिए अभी से ही तैयारियों में जुट गए हैं। जल ही जीवन है, जल नहीं तो कल नहीं का नारा बुलंद करते हुए वह बूंद-बूंद पानी को बचाने के लिए मुहिम चला रखा है। पानी का बर्बादी न हो, इसके लिए राजेश दांगी लोगों को जागरूक कर रहे हैं। कहते हैं कि जिस तेजी से जल स्तर नीचे जा रहा है, वह शुभ संकेत नहीं है। यदि मानव सजग नहीं हुआ, तो इसका गंभीर परिणाम आने वाले पीढि़यों को भुगतना होगा। राजेश अपने पंचायत में जल संरक्षण की योजनाओं को पहली प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने पंचायत के विभिन्न स्थानों पर छोटे-बड़े करीब तीन दर्जन तालाब व बांध बनाया है। उद्देश्य जल संरक्षण का है। वह कहते हैं कि वैसे तो पहले से ही जल संरक्षण के लिए गांव में माकूल व्यवस्था है। पर पिछले वर्ष दैनिक जागरण द्वारा चलाए गए अभियान कितना-कितना पानी ने जल संरक्षण को लेकर जोश भर दिया है। पूरे जोश के साथ हम सब एक-एक बूंद वर्षा जल को संरक्षित करने की मुहिम में जुटे हुए हैं। गांव में जल संरक्षण के लिए माकूल व्यवस्था कर ली गई है। ग्रामीण रैयती भूमि में 100 गुणा 100 का तालाब निर्माण कर वर्षा जल का संरक्षण कर रहे हैं। गांव के कई लोग 100 गुणा 80, 100 गुणा 100 का तालाब बनाकर वर्षा जल का संरक्षण करना प्रारंभ कर दिए हैं। गांव में लोटार डैम है, जो काफी गहरा भी है। उसमें सालों भर पानी रहता है। जल संरक्षण से गांव का जल स्तर भी ऊपर आ रहा है। बरसात का एक-एक बूंद पानी संरक्षित करने के लिए दर्जनों तालाब का निर्माण कर गिद्धौर गांव दूसरे गांव के लोगों के लिए नजीर बना हुआ है। कई लोग सरकारी सहयोग से तो कई लोग अपने निजी खर्च पर तालाब का निर्माण कर जल संरक्षण के मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं।मुखिया ने कहा कि जो हुआ सो हुआ पर अब पानी की बर्बादी रोककर एक एक बूंद वर्षा जल को संरक्षित करेंगे। ताकि भविष्य में पानी के लिए हमें व हमारी अगली पीढ़ी को संकट न झेलना पड़े।