विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड: चतरा में हाईवा ने तीन लोगों को रौंदा, एक की मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Published: Tue, 06 Oct 2026 09:25 AM (IST)

चतरा में बेलगाम हाईवा की चपेट में आने से एक युवक अरविंद सिंह की मौत हो गई, जबकि दो अन्य ...और पढ़ें

आक्रोशित ग्रामीणों ने हफुआ में सड़क जाम कर दिया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने हफुआ में सड़क जाम कर दिया।

HighLights

  1. चतरा में हाईवा की चपेट में आने से एक युवक की मौत।

  2. हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल, इलाज जारी।

  3. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की।

जागरण संवाददाता, चतरा। चतरा में सोमवार की रात बेलगाम हाईवा की चपेट में आने से घायल तीन लोगों में से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रंगवारा निवासी अरविंद सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल अरविंद सिंह को बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।

हादसे में हफुआ निवासी रतन सिंह की पत्नी और डोंडा निवासी मुकेश सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का इलाज चल रहा है। इधर अरविंद सिंह की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने हफुआ में सड़क जाम कर दिया।

सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने घटना के लिए जिम्मेदार हाईवा चालक के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। अवैध खनन और कोयले की ढुलाई में मनमानी तरीके से वाहन दौड़ाते हैं। रफ्तार की वजह से पहले भी कई जान गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस के पहुंचने के बाद ग्रामीणों को समझाने और सड़क जाम हटाने का प्रयास किया गया। 

बता दें कि एक दिन पहले सोमवार को ही सीआईएसएफ और सीसीएल ने चतरा के मगध परियोजना क्षेत्र में कोयला चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। इस दौरान पांच हाइवा जब्त किए गए और जंगल से लगभग 250 टन अवैध कोयला बरामद किया गया।