चतरा के किसानों के लिए बड़ी खबर! 1 रुपये में कराएं फसल बीमा; यहां पढ़ें कितनी मिलेगी बीमित राशि
उपायुक्त रवि आनंद ने चतरा में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाई, जिसका उद्देश्य किसानों ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
उपायुक्त ने फसल बीमा योजना प्रचार रथ को रवाना किया।
किसान मात्र एक रुपये के प्रीमियम पर बीमा करा सकेंगे।
संवाद सहयोगी, चतरा। बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ 2026-27 के सफल क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से उपायुक्त रवि आनंद ने सोमवार को समाहरणालय परिसर से जिला सहकारिता विभाग के प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रचार रथ 10 से 31 अगस्त तक जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार भ्रमण करेगा। इस दौरान किसानों को योजना की पात्रता, प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं बीमा कराने की समय-सीमा की जानकारी दी जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि प्राकृतिक आपदा एवं प्रतिकूल मौसम से फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में फसल बीमा किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।
योजना के तहत किसान मात्र एक रुपये के सांकेतिक प्रीमियम पर अधिसूचित फसलों का बीमा करा सकते हैं। शेष प्रीमियम राज्य सरकार वहन करेगी।
चतरा में अगहनी धान की प्रति हेक्टेयर बीमित राशि 63,558 रुपये तथा भदई मकई की 48,513 रुपये निर्धारित है। कम वर्षा से बुवाई विफल होने, फसल कटाई के बाद 14 दिनों तक प्राकृतिक आपदा से नुकसान तथा निर्धारित सीमा से कम उपज होने पर नियमानुसार दावा भुगतान का प्रावधान है।
गैर-ऋणी किसान बैंक, सहकारी समिति, प्रज्ञा केंद्र, फसल बीमा ऐप अथवा पोर्टल से बीमा करा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक और भूमि व फसल बुवाई संबंधी दस्तावेज आवश्यक होंगे। बीमा की अंतिम तिथि 31 अगस्त है।
मौके पर जिला सहकारिता पदाधिकारी लोकनाथ महतो, टाटा एआइजी के प्रबंधक मनोज यादव समेत अधिकारी-कर्मी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- चतरा में ज्वेलरी दुकानदार पर जानलेवा हमला, दुकान बंद कर घर लौट रहा था व्यापारी; 2 गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- चतरा मॉब लिंचिंग: मूकदर्शक बनी पुलिस पर बड़ी कार्रवाई, दो दारोगा समेत चार निलंबित; 12 अरेस्ट
