विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मगध-अम्रपाली क्षेत्र में अवैध खनन व कोयला चोरी जारी, चतरा में CISF की कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप; 50 टन जब्त

Published: Thu, 01 Oct 2026 05:37 PM (IST)

सीसीएल के मगध-अम्रपाली क्षेत्र में सीआईएसएफ ने फुलबसिया साइडिंग के पीछे छापेमारी कर 50 टन अवैध कोयला बरामद किया। इस ...और पढ़ें

चतरा में सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 50 टन अवैध कोयला जब्त।

चतरा में सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 50 टन अवैध कोयला जब्त।

HighLights

  1. सीआईएसएफ ने फुलबसिया साइडिंग के पीछे की छापेमारी।

  2. मगध-अम्रपाली क्षेत्र से 50 टन अवैध कोयला बरामद हुआ।

  3. अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप, स्रोत की जांच जारी।

संवाद सूत्र, टंडवा (चतरा)। सीसीएल के मगध-अम्रपाली क्षेत्र में अवैध कोयला खनन एवं चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। सीआईएसएफ की टीम ने फुलबसिया साइडिंग के पीछे छापेमारी कर करीब 50 टन अवैध रूप से जमा कोयला बरामद किया।

भारी मात्रा में कोयला बरामद होने के बाद अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ यूनिट मगध-अम्रपाली की टीम क्षेत्र में नियमित निरीक्षण एवं निगरानी अभियान चला रही थी।

इसी क्रम में जवानों को फुलबसिया साइडिंग के पीछे संदिग्ध तरीके से बड़ी मात्रा में कोयला जमा किए जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। इस दौरान वहां करीब 50 टन कोयला जमा मिला।

पूछताछ एवं जांच के दौरान कोयले से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उसे अवैध भंडारण मानते हुए बरामद कर लिया गया। यह कार्रवाई सीआईएसएफ यूनिट मगध-अम्रपाली के सहायक कमांडेंट सुभाष कुमार के निर्देश पर की गई।

निरीक्षक एसएन व्यास के नेतृत्व में गठित टीम ने साइडिंग के आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। सुरक्षा बल की अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच अफरातफरी मच गई।

सीआईएसएफ अधिकारियों के अनुसार, बरामद कोयले के स्रोत का पता लगाने के साथ-साथ यह भी जांच की जा रही है कि इसे किस उद्देश्य से और किन लोगों द्वारा वहां जमा किया गया था।

अवैध कोयला खनन और चोरी के नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान के लिए भी जानकारी जुटाई जा रही है। मगध-अम्रपाली क्षेत्र में कोयला चोरी एवं अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए सीआईएसएफ द्वारा लगातार निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।