PM आवास का आवंटन किसी का, राशि निकाल घर बना रह रहा कोई और Chatra News
प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि पूर्व में आधार मैपिंग नहीं किया जाता था। इस कारण अस्पष्ट सूची के आधार पर सही लाभुक को पहचान करना होता था मुश्किल।
चतरा, जेएनएन। जिले के सिमरिया प्रखंड में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास में हेराफेरी का मामला सामने आया है। आवास आवंटन किसी के नाम से हुआ है और इकरारनामा किसी और के नाम पर कर दिया गया है। मामला सिमरिया प्रखंड के बानासांडी पंचायत के लिपदा गांव के टोला सुगवाटांड़ निवासी मो. हलीम का है। हलीम ने बताया कि वर्षा के कारण घर गिर चुका है। पीएम आवास को लेकर प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगा रहे थे। इसी बीच जानकारी मिली कि पीएम आवास पूर्व में ही मिल चुका है।
बगैर जिओ टैग के दी गयी किसी दूसरे व्यक्ति को राशि
मो. हलीम ने बताया कि उसे अधिकारियों द्वारा कहा गया कि उसेे आवास बनाने के लिए रुपए अब नहीं दिये जाएंगे। जब हलीम ने लाल कार्ड की पारिवारिक सूची को नेट पर दर्ज आवास लाभ की पारिवारिक सूची से मिलाया तो उसने देखा कि उसकी पत्नी समेत बच्चों के भी नाम दर्ज हैं। इस विषय में कुछ जानकारों का कहना है कि पंचायत सेवक ने बगैर जिओ टैग के किसी दूसरे व्यक्ति को राशि दे दी। जबकि जिओ टैग में पंचायत सेवकों द्वारा जांच केे बाद ही अगली राशि दी जाती है। इसलिए उनका मानना हैै कि पंचायत सेवक और मुखिया की मिली भगत से ऐसा हुआ है।
जांच के उपरांत दोषी लोगों पर होगी कानूनी कार्रवाई
इस बारे में प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि पूर्व में आधार मैपिंग नहीं किया जाता था। इस कारण अस्पष्ट सूची के आधार पर सही लाभुक को पहचान करना मुश्किल होता था। फिर भी यदि ऐसा किया गया है, तो जांच के उपरांत दोषी लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।