तालाब में मिला विवाहिता का शव, पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
Woman. झारखंड के बोकारो में तालाब में विवाहिता का शव मिला है। पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
बेरमो, जेएनएन। गोमिया थाना क्षेत्र के कथारा ओपी अंतर्गत पलानी गांव में मंगलवार को तालाब से एक विवाहिता का शव बरामद किया गया है। मृतका सबीला खातून (30) के पिता मो ताहीर अंसारी ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए पुत्री की हत्या कर शव को छिपाने का आरोप लगाया है।
बताया जाता है कि कसमार निवासी मो ताहीर अंसारी की पुत्री सबीला खातून का विवाह पलानी (गोमिया) निवासी मो सगीर अंसारी के साथ 15 वर्ष पूर्व मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। पिता मो ताहीर ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि शादी के बाद से ही सबीला को उसके ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित किया करते थे। कई बार पंचायत भी हुई।
गत 17 फरवरी की शाम को सूचना मिली कि उनकी पुत्री की हत्या कर ससुराल वालों ने शव को किसी तालाब में छिपा दिया है। मंगलवार को पुलिस ने पलानी गांव के निकट तालाब से शव बरामद किया। पुलिस हत्यारोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के चार छोटे-छोटे बच्चे भी हैं।