26 लाख की लूट को दिया था अंजाम, दोबारा अपराध करने आए तो पकड़े गए
26 सितंबर को चास के यदुवंश नगर में ठेकेदार रामसेवक सिंह के घर डाका डालने वाले गिरोह के दो सदस्यों को बोकारो पुलिस ने जांच के क्रम में गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, बोकारो: 26 सितंबर को चास के यदुवंश नगर में ठेकेदार रामसेवक सिंह के घर डाका डालने वाले गिरोह के दो सदस्यों को बोकारो पुलिस ने तलगडिय़ा मोड़ से चीरा चास जाने वाली सड़क पर जांच के क्रम में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में गिरिडीह का कुख्यात पिंकू पाण्डेय और नालंदा बिहार का विभाष पासवान शामिल है। इनके पास एक लोडेड देसी पिस्टल, 9 एमएम की दो गोली, 315 बोर की एक गोली तथा तीन मोबाइल मिले हैं। दोनों चास में दूसरी घटना को अंजाम देने के लिए पहुंचे थे।
एसपी कार्तिक एस ने बताया कि चास एसडीपीओ बहामन टुटी व इंस्पेक्टर प्रमोद पाण्डेय के नेतृत्व में छापेमारी टीम ने कांड का खुलासा किया। गिरफ्तार पिंकू पाण्डेय उर्फ पंकज पाण्डेय पंचबा गिरिडीह का रहने वाला है। गिरिडीह में वर्ष 2009 में डकैती व हत्या के एक मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। लगभग साढ़े छह वर्ष तक जेल में रहने के बाद वह जमानत पर बाहर आया तो फिर से गिरोह बनाकर डकैती व लूट की घटना को अंजाम देने लगा। 26 सितंबर को चास के एक ठेकेदार रामसेवक सिंह के यहां दिनदहाड़े हुई डकैती में पिंकू व विभाष दोनों शामिल थे।
एसपी ने वारदात के बाद चार टीम का गठन किया गया था। मामले का खुलासा हो चुका है। ठेकेदार के घर नौ लोगों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया था। दो अन्य सूचना देने एवं सहयोगी की भूमिका में थे। जल्द ही अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तार दोनों युवक रामगढ़ में आभूषण दुकान तथा टुंडी में बैंक आफ इंडिया में डकैती में शामिल थे। विभाष पासवान 7 सितंबर को ही रामगढ़ डकैती कांड में जेल से छूटा था।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल: छापेमारी दल में एसडीपीओ बहामन टुटी, चास इंस्पेक्टर प्रमोद पाण्डेय, रामेश्वर वर्मा, बसंत टोप्पो, रंजन मिश्रा, ओमप्रकाश महतो, संतोष कुमार तथा क्यूआरटी टीम के सदस्य शामिल थे।