श्रम कानून के संशोधन के विरोध में बंद आज
संवाद सहयोगी बोकारो श्रम कानूनों में बदलाव व संशोधन के विरोध में बुधवार को दर्जनों यूनियन
संवाद सहयोगी, बोकारो : श्रम कानूनों में बदलाव व संशोधन के विरोध में बुधवार को दर्जनों यूनियनों ने सभा आयोजित कर मजदूरों को हड़ताल में शामिल होने की अपील की है। मजदूर नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार श्रम कानूनों में संशोधन कर मजदूरों को शोषण करना चाहती है। साथ ही बंधुआ मजदूर बनाने में लगी है। मजदूर हड़ताल को ले ट्रेड यूनियन संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में प्लांट के अंदर हॉट स्ट्रीप मील केंटीन रेस्ट रूम में मजदूर सभा की गई। कोक ओवेन के बैट्री-1 से बैट्री-8 तक एक रैली निकाली गई। वहीं दूसरी ओर हड़ताल की पूर्व संध्या पर मेन गेट पास सेक्शन के समक्ष मजदूर सभा का आयोजित की गई। यूनियन नेताओं ने कहा कि सेल प्रबंधन की गलत रवैये के खिलाफ में मजदूरों ने कमर कश ली है। पिछले चार साल से वेज रिवीजन लंबित होने से मजदूर काफी गुस्से में हैं। लंबे आंदोलनों व शहादत से प्राप्त अधिकारों को केंद्र की मोदी सरकार एक ही झटके में खत्म करने में लगी है। एक-एक कर सभी पब्लिक सेक्टर की बोली लगाई जा रही है। लाखों करोड़ों की संपत्ति को कोड़ियों के भाव बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत के मंदिर कहे जाने वाले सार्वजनिक क्षेत्र को नीलाम किया जा रहा है। ठेका मजदूरों को न्यूनतम वेतन तक नहीं दिया जा रहा है। अपने हक-अधिकार की बात करने वाले मजदूरों को गेट के बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है। अब तो मोदी सरकार की नजर सेल की खाली पड़ी जमीनों पर भी पड़ गई है। समय से पहले सेवानिवृति की बात भी चल रही है। कहा कि ग्रेच्युटी पर सिलिग लगाई जा रही है। प्रबंधन मजदूरों को एरियर भुगतान से भी पीछे हट रही है। अपनी मांगों के समर्थन में बोकारो स्टील प्लांट के स्थायी व ठेका मजदूर 26 नवंबर को एकदिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। सभा की अध्यक्षता एटक के आईडी प्रसाद ने किया। सभा को सीटू के महामंत्री बीडी प्रसाद, आरके गोरांई, आरएन सिंह, एटक के महामंत्री रामाश्रय प्रसाद सिंह, ब्रजेश कुमार, प्राण सिंह, किम्स एचएमएस के महामंत्री राजेन्द्र सिंह,पीके देव, आरके सिंह, एक्टू के महामंत्री देवदीप सिंह दिवाकर, जेएन सिंह, एआइयुटीयुसी के महामंत्री मोहन चौधरी, सुभाष प्रमाणिक, बोकारो कर्मचारी पंचायत के महामंत्री आरके वर्मा ने संबोधित किया। बोकारो मजदूर समाज ने 26 नवंबर को होने वाले देशव्यापी हड़ताल का समर्थन की है। यूनियन के महामंत्री राजेश महतो ने देश व्यापी हड़ताल का समर्थन कर कहा कि केंद्र सरकार श्रम कानूनों में संशोधन कर मजदूरों का शोषण करना चाहती है। इसलिए सभी मजदूर को हड़ताल शामिल होना चाहिए। उन्होंने मजदूरों को अपील करते हुए कहा कि हड़ताल को सफल कर मुंह तोड़ जवाब देकर चट्टानी एकता का परिचय दें।