अपने एक दोस्त के साथ गोनियाटो आया था संक्रमित युवक
गोमिया के क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे दो युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जिला प्रशासन रेस हो गया है। दोनों युवकों को बोकारो जनरल अस्पताल के कोविड वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
संस, सुरही (बेरमो): गोमिया के क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे दो युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जिला प्रशासन रेस हो गया है। दोनों युवकों को बोकारो जनरल अस्पताल के कोविड वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। गोनियाटो के मेलाटांड़ का रहनेवाला 28 वर्षीय कोरोना संक्रमित युवक कानपुर से अपने एक अन्य दोस्त के साथ गोमिया लौटा है। दोनों कानपुर में ऑटो चलाते थे। गांव के ही अपने उक्त दोस्त के साथ वह कानपुर से बनारस होते हुए 12 मई को ट्रक से बगोदर पहुंचा था। वहां से दोस्त के एक रिश्तेदार के मोहरी गांव स्थित घर गया। रात वहीं गुजारी। 13 मई की सुबह उसी रिश्तेदार की बाइक लेकर वह बिरसा मुंडा इंटर कॉलेज गोनियाटो पहुंचा। जानकारी मिलते ही जिप सदस्य टिकैत कुमार महतो व मुखिया गणेश सोरेन दोनों युवकों को जांच के लिए गोमिया ले गए। कोरोना संक्रमित युवक के शरीर का तापमान अधिक होने के कारण उसे पिट्स मार्डन स्कूल, गोमिया के क्वारंटाइन सेंटर में भेज दिया गया। 16 मई को उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था।
वहीं संक्रमित युवक के दोस्त को बिरसा मुंडा इंटर कॉलेज गोनियाटो में रखा गया था। 12 दिन के बाद 25 मई को उसे घर भेज दिया गया। इधर, संक्रमण की पुष्टि के बाद गोनियाटो की एएनएम संजू कुमारी ने शुक्रवार को उक्त युवक के घर पहुंचकर सभी लोगों की थर्मल स्कैनिग की।
---
फिर सुर्खियों में आया चटनियांबागी
संस, ललपनिया: कोरोना पॉजिटिव पाया गया 36 वर्षीय दूसरा युवक गोमिया प्रखंड के साड़म के चटनियांबागी गांव का रहनेवाला है। वह पिछले 14 मई को मुंबई से आईईएल स्थित क्वारंटाइन सेंटर में आया था। उसका भी सैंपल 16 मई को जांच के लिए भेजा गया था। वह मुंबई के एक होटल में पार्सल विभाग में काम करता था। मुंबई में कोरोना के बढ़ते केस की वजह से उसने अपने घर की राह पकड़ी, लेकिन रेड जोन से आने के कारण उसे क्वारंटाइन कर दिया गया। बताते चलें कि बोकारो जिले में कोरोना से जान गंवाने वाले पहले वृद्ध भी चटनियाबागी के रहनेवाले थे। उसके बाद चटनियाबागी में लगातार पांच पॉजिटिव केस सामने आने से क्षेत्र चर्चा में था। अब एक बार फिर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।