बोरे से निकला खून से लथपथ युवक का शव
संवाद सहयोगी करगली (बेरमो) रामविलास उच्च विद्यालय स्थित ऐश डंपिग के समीप गुरुवार की सुबह
संवाद सहयोगी, करगली (बेरमो) : रामविलास उच्च विद्यालय स्थित ऐश डंपिग के समीप गुरुवार की सुबह बोरे में बंद खून से लथपथ एक युवक का शव पाया गया। खबर मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस छानबीन कर रही है।
आसपास के लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इस दौरान सड़क किनारे एक बोरे से शव का पैर बाहर निकला हुआ। इसके बाद अफरातफरी मच गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही थाना प्रभारी शैलेश चौहान दल-बल के साथ पहुंचे। शव को बोरे से निकलवाया। चेहरा खून से लथपथ था। सिर के पीछे गहरे जख्म के निशान थे। मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। दाएं हाथ की कलाई पर दिल के टैटू पर एसबी लिखा हुआ था। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि दूसरी जगह हत्या कर यहां लाकर फेंक दिया गया होगा। मृतक की उम्र 40-42 वर्ष रही होगी।
बाद में बेरमो एसडीपीओ सतीशचंद्र झा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि किसी ने हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए यहां लाकर फेंक दिया है। शव की शिनाख्त कराई जा रही है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डाल दिया जाएगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की शिनाख्त कराने के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। शीघ्र ही इस मामले का उद़्भेदन कर लिया जाएगा। सिर के पीछे जो गहरे जख्म हैं। किसी भारी चीज के प्रहार से हुआ है। शव के पास से कोई भी सामान बरामद नहीं हुआ है, जिससे शिनाख्त हो सके। मौके पर एएसआइ अनंत सिंह, पंकज भारद्वाज, गुलशन कुमार थे।