मध्य विद्यालय दहियारी में स्मार्ट क्लास शुरू
संवाद सहयोगी सुरही (बेरमो) नावाडीह प्रखंड का एकमात्र मध्य विद्यालय दहियारी है जहां स्माट
संवाद सहयोगी, सुरही (बेरमो) :
नावाडीह प्रखंड का एकमात्र मध्य विद्यालय दहियारी है, जहां स्मार्ट क्लास शुरू हो गई है। यहां अध्ययनरत बच्चों को प्रोजेक्टर व एलइडी स्क्रीन के माध्यम से शिक्षा दी जा रही है। प्रधानाध्यापक रामेश्वर चौधरी ने बताया कि प्रोजेक्टर व एलइडी स्क्रीन विभागीय स्तर से इस विद्यालय को उपलब्ध कराया गया है। शिक्षक संदीप कुमार गुप्ता स्मार्ट क्लास में प्रोजेक्टर के माध्यम से एलइडी स्क्रीन से पढ़ाते व समझाते हैं, जिससे बच्चों को सहजता से विषय की जानकारी हो जाती है। कक्षा छह से आठवीं के छात्र-छात्राओं को प्रोजेक्टर के माध्यम से विज्ञान, अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान व गणित विषय की पढ़ाई कराई जा रही है। वहीं पहली से पांचवीं कक्षा के बच्चों को कविता एवं बाल संगम से जुड़ी कहानियों को तस्वीर के माध्यम से दिखाया व समझाया जा रहा है। स्मार्ट क्लास के शिक्षक गुप्ता कहते हैं कि इसकी मदद से बच्चों के अंदर ज्ञान अर्जित करने की क्षमता बढ़ रही है। पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ने के साथ ही भाषा का ज्ञान सुगमता से हो जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा यहां बच्चों को समय-समय पर कंप्यूटर का ज्ञान देने सहित उसे संचालित करने की जानकारी भी दी जाती है।