विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

50 साल का इंतजार खत्म, चास–बोकारो स्टील सिटी के बीच नई पैसेंजर ट्रेन को रेलवे बोर्ड की मंजूरी

Published: Thu, 09 Jul 2026 09:52 AM (IST)

Bokaro News: रेलवे बोर्ड ने भोजूडीह-बोकारो स्टील सिटी के बीच नई पैसेंजर ट्रेन को मंजूरी दे दी है, जिससे चास ...और पढ़ें

इस्पात नगर रेलवे स्टेशन होकर चलेगी पैसेंजर ट्रेन। (प्रतीकात्मक फोटो)

इस्पात नगर रेलवे स्टेशन होकर चलेगी पैसेंजर ट्रेन। (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. 50 साल का इंतजार खत्म, चास में नियमित ट्रेन सेवा।

  2. रेलवे बोर्ड ने भोजूडीह-बोकारो स्टील सिटी ट्रेन को मंजूरी दी।

  3. यह ट्रेन चास और आसपास के लाखों लोगों को जोड़ेगी।

जागरण संवाददाता, बोकारो। चास और आसपास के लाखों लोगों का करीब 50 वर्षों का लंबा इंतजार आखिरकार समाप्त हो गया। रेलवे बोर्ड ने भोजूडीह–बोकारो स्टील सिटी के बीच नई पैसेंजर ट्रेन चलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही पहली बार चास रेलवे स्टेशन पर नियमित यात्री ट्रेन का परिचालन शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।

रेलवे बोर्ड ने 8 जुलाई 2026 को आदेश जारी कर दक्षिण पूर्व रेलवे को इस सेवा को शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया है। चास रेलवे स्टेशन वर्षों पहले बनकर तैयार हो गया था, लेकिन यहां कभी नियमित यात्री ट्रेन नहीं चली। सामाजिक संगठनों, रेल यात्री संघों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार इस रेलखंड पर यात्री ट्रेन चलाने की मांग उठाई जाती रही।

अब रेलवे बोर्ड की स्वीकृति से चास, तलगड़िया, बांधडीह, शेवबाबूडीह, इस्पातनगर और भोजूडीह क्षेत्र के विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यवसायियों तथा दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। नई ट्रेन संख्या 58035/58036 भोजूडीह–बोकारो स्टील सिटी पैसेंजर सप्ताह में पांच दिन चलेगी।

रविवार और गुरुवार को इसका परिचालन नहीं होगा। ट्रेन में कुल आठ आईसीएफ कोच होंगे, जिनमें छह सामान्य श्रेणी तथा दो एसएलआर कोच शामिल रहेंगे।

58035 भोजूडीह–बोकारो स्टील सिटी पैसेंजर

स्टेशन आगमन प्रस्थान
भोजूडीह 08:15
शेवबाबूडीह 08:23 08:24
तलगड़िया 08:30 08:31
बांधडीह 08:40 08:41
चास 08:47 08:48
इस्पातनगर 08:54 08:55
बोकारो स्टील सिटी 09:30

58036 बोकारो स्टील सिटी–भोजूडीह पैसेंजर

स्टेशन आगमन प्रस्थान
बोकारो स्टील सिटी 18:15
इस्पातनगर 18:29 18:30
चास 18:37 18:38
बांधडीह 18:44 18:45
तलगड़िया 18:54 18:55
शेवबाबूडीह 19:02 19:03
भोजूडीह 19:30

भोजूडीह और चंदनकियारी क्षेत्र को मिलेगा सीधा लाभ 

इस ट्रेन के शुरू होने से भोजूडीह, तलगड़िया, बांधडीह और चंदनकियारी क्षेत्र के लोगों के लिए बोकारो जिला मुख्यालय तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा। अब तक भोजूडीह के यात्रियों को बोकारो आने के लिए सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता था, जिसमें समय और खर्च दोनों अधिक लगते थे। 

नई ट्रेन शुरू होने के बाद यात्री सीधे इस्पातनगर स्टेशन तक पहुंच सकेंगे। वहां से मात्र लगभग 15 रुपये के किराये में जिला समाहरणालय, न्यायालय, समाहरणालय परिसर तथा अन्य सरकारी कार्यालयों तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा। इससे मुकदमे, सरकारी कार्य, शिक्षा, रोजगार और व्यापार से जुड़े लोगों को प्रतिदिन बड़ी सुविधा मिलेगी।

साथ ही भोजूडीह जंक्शन से अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के लिए बेहतर रेल संपर्क भी उपलब्ध होगा। रेलवे बोर्ड ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है 

पूर्व विधायक ने जताया आभार

चंदनकियारी के पूर्व विधायक अमर कुमार बाउरी ने इस बहुप्रतीक्षित रेल सेवा को मंजूरी मिलने पर केंद्रीय रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय चास, चंदनकियारी, भोजूडीह और आसपास के लाखों लोगों के लिए ऐतिहासिक सौगात है।

इससे क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने के साथ शिक्षा, रोजगार, व्यापार और प्रशासनिक कार्यों के लिए आवागमन पहले की तुलना में कहीं अधिक सुगम होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में इस रेलखंड पर ट्रेनों की संख्या और सुविधाओं में भी विस्तार किया जाएगा।