वन व वन्य प्राणियों का जीवन बचाएं
संवाद सहयोगी सुरही (बेरमो) वन-पर्यावरण एवं जलवायु विभाग के निर्देश पर बोकारो वन प्रमंडल
संवाद सहयोगी, सुरही (बेरमो) : वन-पर्यावरण एवं जलवायु विभाग के निर्देश पर बोकारो वन प्रमंडल के तत्वावधान में गुरुवार को वन एवं जंगली जीवों के संरक्षण के लिए वन्य प्राणी सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उत्क्रमित उच्च विद्यालय सुरही से रैली निकाली गई। स्कूली छात्र-छात्राओं व शिक्षक-शिक्षिकाओं के अलावा वन विभाग के कर्मियों ने भी रैली में भाग लिया। स्कूल परिसर से निकाली गई रैली खरपीटो स्थित स्थाई पौधशाला तक गई। उस दौरान छात्र-छात्राओं ने जंगली जीवों की रक्षा देश की रक्षा, जीव-जंतुओं को बचाएं-सच्ची मानवता का धर्म निभाएं, जीओ और जीने दो आदि नारे लगाए। रैली का नेतृत्व करते हुए वनक्षेत्र पदाधिकारी अमित चौधरी ने कहा कि जंगल एवं वन्य प्राणियों की सुरक्षा करना बेहद जरूरी है। यदि इसके संरक्षण के प्रति ध्यान नहीं दिया जाएगा तो प्रकृति का संतुलन बिगड़ जाएगा, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। जंगल की कटाई एवं वन्य प्राणियों की हत्या करना कानूनन अपराध है। ऐसा करते पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी। नावाडीह के वनपाल लक्ष्मण प्रजापति ने कहा कि वन्य प्राणियों की सुरक्षा करते हुए पेड़ों की कटाई न करें। रैली में वनरक्षी अजीत कुमार मुर्मू, विकास कुमार, जगदीश महतो, शिक्षक जगेश्वर महतो, अरुण कुमार, हाफिज अंसारी, अबु साद अंसारी, ग्रामीण मेघलाल तुरी, भगन महतो आदि शामिल थे।