SAIL कर्मचारियों को बड़ी राहत, महंगाई भत्ते में 2.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी
Steel Authority Of India Limited के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 2.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जिससे उनका डीए बढ़कर 58.6 प्रतिशत हो जाएगा।

सेल के अधिकारियों-कर्मचारियों के डीए में वृद्धि। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
सेलकर्मियों के महंगाई भत्ते में 2.9% की वृद्धि।
नया महंगाई भत्ता बढ़कर 58.6% हो जाएगा।
1 अक्टूबर 2026 से 54 हजार कर्मियों को लाभ।
जागरण संवाददाता, बोकारो। स्टील अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) में काम करने वाले अधिकारी व कर्मचारियों के महंगाई भत्ता में 2.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। नई दर एक अक्टूबर 2026 से प्रभावी लागू होगी। इससे बोकारो इस्पात संयंत्र सहित कंपनी के अन्य इकाई में कार्यरत लगभग 54 हजार संयंत्रकर्मी लाभान्वित होंगे, जिससे उनका वेतन में इजाफा होगा।
कामगारों को बढ़े हुए डीए की जानकारी उनके मासिक वेतन पर्ची से प्राप्त हो सकेगी। सेलकर्मियों के डीए में बढ़ोतरी के साथ ही उनका वर्तमान महंगाई भत्ता 55.7 प्रतिशत से बढ़कर 58.6 प्रतिशत हो जाएगा। लेबर ब्यूरो बाजार की स्थिति को देखते हुए सेल कामगारों के डीए में बढ़ोतरी या कटौती करती है।
चालू वित्त वर्ष 2026-27 के इस तिमाही खाद पदार्थ समेत अन्य दैनिक वस्तुओं की मूल्य में वृद्धि के कारण सेलकर्मियों का महंगाई भत्ता बढ़ाया जा रहा है। पिछले तिमाही इनके महंगाई भत्ता में मात्र 1.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी।
बता दें कि सेल में अधिकारी व कर्मचारियों का वेतन पुनरीक्षण एक साथ दस साल की अवधि पर किये जाने के फैसले के बाद दोनों संवर्ग के डीए को समायोजित कर दिया गया है।
सेल में अधिकारी व कर्मचारियों का अगला वेतन पुनरीक्षण 1 जनवरी 2027 से होना है। ऐसे में जैसे जैसे इनके महंगाई भत्ता में वृद्धि होगी, उनका मूल वेतन और ज्यादा बढ़ता चला जाएगा।
