विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Gail India की तर्ज पर सेल कर्मचारियों को मिले जन्मदिन और वैवाहिक वर्षगांठ पर विशेष अवकाश

Published: Mon, 17 Aug 2026 05:09 PM (GMT+05:30)

बीएकेएस यूनियन ने सेल कर्मचारियों के लिए जन्मदिन और वैवाहिक वर्षगांठ पर विशेष आकस्मिक अवकाश की मांग की है। यह ...और पढ़ें

बीएकेएस यूनियन ने निदेशक कार्मिक को भेजा मांग पत्र।

बीएकेएस यूनियन ने निदेशक कार्मिक को भेजा मांग पत्र।

HighLights

  1. बीएकेएस यूनियन ने सेल कर्मचारियों के लिए विशेष अवकाश की मांग की।

  2. गेल इंडिया की नीति का हवाला देकर अवकाश देने की अपील।

  3. जन्मदिन और वैवाहिक वर्षगांठ पर मिले कर्मचारियों को छुट्टी।

जागरण संवाददाता, बोकारो। स्टील अथारिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में काम करने वाले कर्मचारियों को उनके जन्मदिन तथा वैवाहिक वर्षगांठ पर विशेष आकस्मिक अवकाश देने की मांग बीएकेएस यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर कुमार ने की है।

इस बाबत उन्होंने सोमवार को सेल के निदेशक कार्मिक केके सिंह को एक मांग पत्र सौंपते हुए कहा है की सार्वजनिक लोक उपक्रम की कंपनी गेल इंडिया लिमिटेड में कार्यरत कर्मचारियों को उनके जन्मदिन या वैवाहिक वर्षगांठ पर स्पेशल लीव दिया जा रहा है।

इस बाबत गेल इंडिया प्रबंधन की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। जबकि सेल के सभी इकाई में काम करने वाले कर्मचारी अत्यंत जटिल तथा विषम परिस्थिति में पूरी निष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी करते आ रहे है।

इस दौरान वे आग, विद्युत, गर्म क्षेत्र, जहरीले गैस, लोकोमोटिव, ऊंचाई, क्रेन, धूल, प्रदूषण, तेज ध्वनि आदि संवेदनशील स्थानों में अपने कर्तव्य का पालन करते है। बावजूद इसके उन्हें अपने निजी पारिवारिक दिवस जैसे जन्मदिन या वैवाहिक वर्षगांठ के दिन भी विवशता के कारण ड्यूटी पर आना पड़ता है।

इससे उनके साथ उनके स्वजनों की खुशियां भी प्रभावित होती है। इसलिए सेल प्रबंधन को गेल इंडिया कंपनी की तर्ज पर बीएसएल सहित कंपनी की तमाम इकाई में काम करने वाले कर्मचारियों को उनके जन्मदिन तथा वैवाहिक वर्षगांठ पर विशेष आकस्मिक अवकाश का लाभ देना चाहिए।

बीएसएल अधिकारी काम के दौरान ऊंचाई से गिरे, कमर की टूटी हड्डी

बोकारो इस्पात संयंत्र के एसएमएस एक विभाग में कार्य के दौरान हरेन्द्र प्रसाद ऊंचाई से गिर पड़े। जिससे उनके कमर व रीढ़ की हड्डी टूट गई। हादसे के बाद उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

सहकर्मियों ने बताया कि हरेन्द्र प्रसाद एसएमएस के एक विभाग में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत है। जहां बी शिफ्ट की ड्यूटी के दौरान वे पांच नंबर कनवर्टर में स्कर्ट हाइड्रोलिक में काम करते हुए असंतुलित होकर ऊंचाई से नीचे जमीन की सतह पर गिर गए।

आनन फानन में पहले उन्हें प्लांट मेडिकल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीजीएच रेफर कर दिया। घटना के बाद प्रबंधन की ओर से इसकी जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी गई है। हरेन्द्र प्रसाद 2024 बैच के ई जीरो अधिकारी है तथा उनकी सेवानिवृति इसी साल दिसंबर माह में है।