SAIL के 80 हजार ठेका श्रमिकों को बोनस का तोहफा, वार्षिक मूल वेतन का 8.33% मिलेगा
SAIL के ठेका श्रमिकों को दुर्गापूजा से पहले उनके वार्षिक मूल वेतन का 8.33 प्रतिशत बोनस मिलेगा। इससे बोकारो इस्पात ...और पढ़ें

दुर्गा पूजा से पहले सेल के ठेका मजदूरों को मिलेगा बोनस। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
सेल ठेका श्रमिकों को मिलेगा 8.33% वार्षिक मूल वेतन बोनस।
दुर्गापूजा से पहले अक्टूबर माह के वेतन संग होगा भुगतान।
21 हजार से कम वेतन वाले 80 हजार श्रमिक लाभान्वित।
जागरण संवाददाता, बोकारो। स्टील अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) में कार्यरत ठेका श्रमिकों को बोनस मद में उनके वार्षिक मूल वेतन का 8.33 प्रतिशत राशि दी जाएगी। दुर्गापूजा से पहले उनके बैंक खाते में रकम का भुगतान कर दिया जाएगा। इससे बोकारो इस्पात संयंत्र सहित सेल के अन्य इकाई में काम करने वाले लगभग 80 हजार ठेका श्रमिक लाभान्वित होंगे।
बोनस के हकदार सिर्फ ऐसे ठेका श्रमिक होंगे जिनका मासिक वेतनमान 21 हजार रुपये से कम है। इस वर्ष शारदीय नवरात्र 11 अक्टूबर से प्रारंभ हो रहा है तथा विजयादशमी 20 अक्टूबर को है। इसलिए सेल मुख्यालय अपने सभी इकाई में ठेका श्रमिकों को अक्टूबर माह के वेतन के साथ बोनस की राशि देने का निर्णय लिया है।
इसके लिए बाकायदा सभी ठेका कंपनी के लिए जल्द ही एक नियमावली जारी होने वाला है। जहां उन्हें ठेका श्रमिकों को 10 अक्टूबर तक उनके मासिक वेतनमान के साथ साथ बोनस की राशि देने का निर्देश दिया जाएगा। नियम की अवहेलना करने वाले ठेका कंपनी पर ठोस विभागीय कार्रवाई करने का प्रावधान भी किया गया है। सेल में ठेका श्रमिकों के लिए बोनस की सबसे पहले दुर्गापुर तथा इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र में बांटी जाएगी।
स्थायी कर्मचारियों के बोनस पर 20 सितंबर के बाद बैठक
महारत्न कंपनी सेल में स्थायी कर्मचारियों के बोनस मसौदे पर 20 सितंबर के बाद प्रबंधन व यूनियन के बीच नई दिल्ली में बैठक होगी। जहां दोनों पक्षों के बीच सहमति के बाद बोनस की राशि पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
इससे पूर्व सेल प्रबंधन इस माह होने वाली बोर्ड आफ डायरेक्टर की बैठक में कंपनी के उत्पादन-उत्पादकता के साथ अपनी ओर से दिए जाने वाले बोनस की राशि पर निर्णय लेगा। इसके बाद एनजेसीएस घटक दल में शामिल पांचों यूनियन नेताओं के दिए गए बोनस प्रस्ताव पर मीटिंग के दौरान रकम के भुगतान पर बातचीत का दौर शुरू होगा।
हालांकि सेल प्रबंधन व यूनियन नेताओं के बीच हुए वर्तमान बोनस फार्मूला के तहत इस साल स्थायी तथा प्रशिक्षु कर्मचारियों को बोनस मद में गत वर्ष से कम राशि की गणना बन रही है। बीते वर्ष सेलकर्मियों को 29,500 तथा प्रशिक्षु कर्मियों को 23,600 रुपये बोनस दिया गया था।
बावजूद इसके सेल मुख्यालय कामगारों को इस साल बोनस मद में पिछले साल से ज्यादा रकम देने पर विचार विमर्श कर रही है। इसका मुख्य कारण यह है की कंपनी प्रबंधन चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में 10 हजार करोड़ रुपये का मुनाफा कर पूर्व अर्जित करने का लक्ष्य रखी है।
इसमें कंपनी में कार्यरत स्थायी तथा प्रशिक्षु कर्मियों का योगदान काफी अहम होगा। सम्मानजनक बोनस मिलने से उनका उत्साह तथा मनोबल दोनों बढ़ेगा, जो सेल प्रबंधन के तय लक्ष्य को साधने में काफी सहायक साबित होगी।
