सेल में सीजीएम से ईडी बनने का सुनहरा मौका, 90 दावेदारों का अगले माह साक्षात्कार
SAIL में मुख्य महाप्रबंधक (CGM) से अधिशासी निदेशक (ED) पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

स्टील अथोरिटी आफ इंडिया लिमिटेड। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
सेल में सीजीएम से ईडी पदोन्नति प्रक्रिया हुई शुरू।
लगभग 90 मुख्य महाप्रबंधकों का साक्षात्कार अगले माह।
16 से 18 अधिकारियों को मिलेगी अधिशासी निदेशक की प्रोन्नति।
जागरण संवाददाता, बोकारो। स्टील अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड(SAIL) में मुख्य महाप्रबंधक से अधिशासी निदेशक के पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। पद की अर्हता रखने वाले उम्मीदवारों का आनलाइन साक्षात्कार अगले माह होगा।
बोकारो इस्पात संयंत्र सहित पूरे सेल में लगभग 90 सीजीएम साक्षात्कार में शामिल होंगे। इनमें 16 से 18 अधिकारियों को ईडी बनाने की योजना सेल मुख्यालय की है।
ईडी पद के लिए वैसे सीजीएम ही हकदार होंगे जिन्होंने मुख्य महाप्रबंधक के पद पर अपनी तीन वर्ष की सेवा पूरी कर ली है तथा उनकी सेवानिवृति में शेष एक वर्ष का समय बचा हो। नव प्रोन्नत ईडी का कार्यकाल 30 जून 2025 से प्रभावी होगा।
इनमें पदोन्नति के साथ ही कई अधिकारियों का तबादला उनके वर्तमान इकाई से कंपनी के दूसरे अन्य इकाई में की जाएगी। सेल प्रबंधन यह निर्णय अपने विभिन्न इकाई में अधिशासी निदेशक के रिक्त पदों की भरपाई करने के लिए लेने जा रही है।
ईडी पद के लिए उम्मीदवारों के साक्षात्कार की तिथि 25 सितंबर को नई दिल्ली में आहूत सेल बोर्ड आफ डायरेक्टर की बैठक में तय कर ली जाएगी। सेल बोर्ड की बैठक में कंपनी के उत्पादन उत्पादकता के अलावा वर्तमान तथा भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए एक साझा रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता सेल के सीएमडी डा. अशोक कुमार पंडा करेंगे, जहां बीएसएल, दुर्गापुर, राउरकेला, भिलाई के निदेशक प्रभारी के साथ सभी कार्यवाहक व स्वतंत्र निदेशक शामिल रहेंगे।
बीएसएल सहित कई इकाई में ईडी के पद है रिक्त
महारत्न कंपनी सेल के बोकारो इस्पात संयंत्र सहित अलग अलग इकाई में अधिशासी निदेशक के कई पद पूर्व में ही रिक्त है, जबकि कई ईडी इस साल के अंत तक अपने पद से सेवानिवृत होने वाले है।
बोकारो इस्पात संयंत्र में ईडी फाइनेंस का पद विगत एक साल से खाली है, यहां सीजीएम स्तर के अधिकारी को अतिरिक्त कार्यभार देकर विभागीय काम काज को चलाया जा रहा है। इसी प्रकार सेल कारपोरेट आफिस के ईडी एसजे अहमद तथा ग्रोथ डिविजन कुल्टी के ईडी अनिल कुमार की सेवानिवृति इसी साल 30 जून को हो गई है।
राउरकेला इस्पात संयंत्र के ईडी कार्मिक तरुण मिश्रा बीते माह अगस्त में रिटायर हो गए है। इसी प्रकार सितंबर माह में सेल कारपोरेट आफिस के ईडी फाइनेंस एमबी बालाकृष्णण, अक्टूबर माह में राउरकेला के ईडी सामग्री प्रबंधन अनिल कुमार सेवानिवृत्त होंगे।
सीएमओ के ईडी फाइनेंस सुरेंद्र कुमार, नवंबर माह में सेल कारपोरेट आफिस के ईडी प्रोजेक्ट डा. जयनाथ, इस्को बर्नपुर के ईडी प्रोजेक्ट प्रवीण कुमार तथा भिलाई स्टील के ईडी सामग्री प्रबंधन अजय कुमार तथा दिसंबर माह में भद्रावती इस्पात संयंत्र के ईडी अनूप कुमार अपने अपने पद से रिटायर हो जाएंगे।
