सड़क दुर्घटना में मेकान के सेवानिवृत्त डीजीएम की मौत Bokaro News
एनएच-23 पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से पूर्व डीजीएम की मौत हो गयी। वह शनिवार की सुबह रांची जाने के लिए घर से निकले थे।
बोकारो, जेएनएन। बोकारो-रामगढ़ मुख्य मार्ग एनएच-23 पर ट्रक की चपेट में आकर मेकॉन के पूर्व डीजीएम की मौत हो गयी। दुर्घटना बोकारो रेलवे फाटक के समीप हुई है। मृतक की पहचान बियाडा कॉलोनी निवासी ब्रज किशोर सिंह के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि शनिवार की सुबह ब्रज किशोर सिंह रांची जाने के लिए अपनी स्कूटी से बोकारो रेलवे स्टेशन जा रहे थे। बोकारो रेलवे स्टेशन के लिए जैसे ही रेलवे फाटक के पास मुड़े विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी।
वहीं स्कूटी को घसीटते हुए ट्रक लगभग दो सौ मीटर तक अपने साथ ले गया। स्कूटी के ट्रक में फंस जाने के कारण ट्रक बंद पड़ गया और ट्रक के चालक व खलासी ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही बालीडीह पुलिस मौके पर पहुंचकर स्कूटी व ट्रक को जब्त कर थाना ले गयी।